डीसी लाइन बंद होने का 1 साल पूरा होने में महज 25 दिन शेष बचे हैं। इसी बीच 25 मई को देश के प्रधानमंत्री का आगमन धनबाद जिला की धरती पर हो रहा है। पीएमओ के आदेश पर ही डीसी लाइन को बंद किया गया है। इसलिए कतरास की जनता को एकजुटता दिखाते हुए प्रधानमंत्री से इस लाइन को पुन: चालू करने की मांग करनी चाहिए। उक्त बातें रेल दो या जेल दो आंदोलन के नेतृत्वकर्ता पार्षद विनोद गोस्वामी ने महाधरना के 326 वां दिन अपने संबोधन में कहीं। उन्होंने कतरास की जनता से अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के आगमन के एक दिन पूर्व महज चार घंटा बाजार बंद कर एकता का परिचय दें। साथ ही 25 मई को धनबाद के बलियापुर चलकर अपनी मांग रखने का काम करें। आंदोलनकारी डीसी लाइन चालू करने की मांग को लेकर बैनर व झंडा लेकर धनबाद चलकर प्रधानमंत्री से मांग करने का काम धनबाद बलियापुर में करें। मौके पर राजेंद्र प्रसाद राजा, ललित सिंह आदि थे।