पानी की समस्या से त्रस्त तीन पंचायतों की आधी आबादी उतरेगी सड़क पर
तेलमच्चो, कांड्रा व लोहापट्टी पंचायत में पानी की विकट समस्या से निपटने के लिए यहां की आधी आबादी ने मोर्चा संभाल लिया है। इन पंचायताें की महिलाओं ने बैठक कर जोरदार आंदोलन की चेतावनी दी है। आंदोलन की सफलता को लेकर जगह-जगह बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। इन बैठकों में मुखर होकर महिलाएं घरों से बाहर आ रही हैं और समस्या को विकराल बताते हुए आंदोलन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करा रही हैं। बुधवार को लोहापट्टी हरि मंदिर प्रांगण में आयोजित बैठक में महिलाओं ने मंत्री चंद्रप्रकाश चौधरी के नाम मांग पत्र देकर समस्या के समाधान के लिए एक सप्ताह का समय देते हुए कहा कि यदि इस दौरान समस्या का समाधान नहीं हुआ तो धनबाद रांची मुख्य मार्ग एनएच 32 को वे लोग अनिश्चितकाल के जाम कर देंगी। महिलाओं के इस निर्णय का पंचायत के जनप्रतिनिधि व पुरुषों का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है। लोहापट्टी में आयोजित बैठक की अध्यक्षता मुखिया छोटेलाल महतो की प|ी रेवती बाला देवी ने किया। जबकि संचालन पुष्पा कुमारी ने किया।
खानापूर्ति के लिए बनाई गई है जलापूर्ति योजना: रेवती बाला
बैठक को संबोधित करते हुए रेवती बाला देवी ने कहा कि पंचायतों में पानी की समस्या को दूर करने के लिए सरकार ने कई योजनाओं को धरातल पर उतारने का काम किया, लेकिन हर बार यह लूटखसोट का शिकार हो गया। इस बार झारखंड सरकार की ओर से तेलमच्चो ग्रामीण जलापूर्ति योजना को धरातल पर उतारा गया। इस समय लोगों को उम्मीद जगी थी कि इस योजना से लोगों को लाभ मिलेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ और यह योजना भी पुरानी योजनाओं की तरह दम तोड़ता हुआ दिख रहा है। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र ही इस योजना को चालू नहीं किया गया तो जोरदार आंदोलन किया जाएगा। इसके लिए तीनों पंचायत के लोग मिल बैठकर आंदोलन की रूप रेखा तैयार कर रहे हैं।