बिजली पानी की समस्या का समाधान सात दिनों में हो जाएगा: संजय सिंह
प्रबंधन के साथ वार्ता में लिया गया निर्णय
डीबी स्टार. कतरास
न्यू आकाशकिनारी कोलियरी के परियोजना पदाधिकारी संजय कुमार सिंह के साथ जिप सदस्य विनोद गोस्वामी के नेतृत्व में अकाशकिनारी बस्ती, छाताबाद, रामनगर, कैलूडीह, ईस्ट कतरास के लोगों के बीच बिजली पानी की समस्या को लेकर वार्ता हुई। साथ ही लोगों ने मांग पत्र भी प्रबंधन को सौंपा। वार्ता के दौरान बीसीसीएल के अधिकारी ने मांग को जायज बताते हुए उसके शीघ्र निवारण का आश्वासन दिया। विदित हो कि बीसीसीएल क्षेत्र के अंतर्गत ईस्ट कतरास, कैलूडीह, न्यू आकाशकिनारी का 15 केवीए का ट्रांसफार्मर जल गया है। जिसके कारण आकाश किनारी, कैलूडीह, रामनगर, छाताबाद के हजारों नगरवासियों को इस भीषण गर्मी के मौसम में भारी परेशानियों का सामना कर पड़ रहा है। बिजली नहीं रहने के कारण आम लोगों के साथ महिलाओं व बच्चों की पढ़ाई लिखाई में भी काफी दिक्कत हो रही है। ट्रांसफार्मर को जले हुए 15 दिन से ज्यादा हो गया हैं। फिर भी इस गंभीर समस्या के निदान के लिए अभी तक बीसीसीएल प्रबंधन के तरफ से किसी भी प्रकार का सकारात्मक पहल नहीं किया जा रहा है। पार्षद विनोद गोस्वामी ने परियोजना पदाधिकारी से मांग किया है कि ट्रांसफार्मर बदलने की दिशा में पहल कर 72 घंटे में बिजली की आपूर्ति बहाल की जाए, नहीं तो बाध्य होकर आम जनता को लेकर जनआंदोलन कर आकाश किनारी कोलियरी का चक्का जाम एवं उत्पादन पूर्ण रूप से ठप कर दिया जाएगा। चक्का जाम के लिए पार्षद गोस्वामी ने जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया है। वार्ता में ललित सिंह, विजय यादव, नुरुल अंसारी, जमील अंसारी, प्रभात केडिया, किशन पंडित, अजय सिंह, रतन, अगन, सुकर, दूधनाथ, कन्हाई, शिवजी आदि शामिल थे।