बाघमारा प्रखंड की तीन पंचायत लोहापट्टी, तेलमच्चो व कांड्रा के ग्रामीण लगातार पानी की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। दो-दो महत्वाकांक्षी जलापूर्ति योजनाओं के धरातल पर उतरने के बाद भी इन पंचायतों की लगभग 20 हजार की आबादी एक-एक बूंद पानी के लिए तरस रही है। गर्मी की आहट के साथ ही यहां पानी की समस्या विकराल रूप धारण कर लेती है। जैसे-जैसे गर्मी की तपिश बढ़ती जाती है वैसे-वैसे यहां के लोग पानी की एक-एक बूंद के लिए संघर्ष करते दिखते हैं। पूर्व पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री जलेश्वर महतो के कार्यकाल में पाथरगड़िया जलापूर्ति योजना को धरातल पर उतारकर कांड्रा पंचायत सहित आसपास के गांवों के लोगों को पानी देने की योजना थी। योजना पूरा भी हो गया। टेस्टिंग भी हुई, लेकिन आम जनता को पानी नहीं मिल सका। कुछ तकनीकी खराबी के कारण पानी नहीं मिला। इसी बीच वे चुनाव हार गए और योजना अधर में लटक गया। मामूली सी खर्च के चलते यह योजना पूर्ण नहीं हो सका। इसको लेकर कई बार विभाग के पास पत्राचार भी किया गया, लेकिन कोई फायदा नहीं हो सका। कुछ उम्मीद बाकी था तो वह पानी के तेज बहाव और चोरों की नजर हो गई। इधर पुन: लोहापट्टी, तेलमच्चो, व कांड्रा पंचायत को पानी उपलब्ध कराने के लिए तेलमच्चो ग्रामीण जलापूर्ति योजना को धरातल पर उतारा गया। अब यह योजना कितना कारगर होगा यह तो चालू होने के बाद ही पता चल सकेगा। लोगों की मानें तो इसमें केवल ठेकेदारी ही हुई है। नतीजा यह है कि इस योजना का ऑनलाइन उद्घाटन भी हो गया, लेकिन गांव के लोगों को एक बूंद भी पानी नसीब नहीं हो सका है। इसको लेकर यहां की महिलाएं भी मुखर होकर आंदोलन की मूड में दिख रही हैं। तीनों पंचायत के लोगों ने संयुक्त रूप से पानी के लिए संघर्ष करने का निर्णय लिया है। इसको लेकर लगातार इलाके में दौरा चल रहा है।
उपायुक्त को पत्र लिखकर वस्तुस्थिति से कराया अवगत
तेलमच्चो ग्रामीण जलापूर्ति योजना के लिए बनाई गई पानी टंकी।
तेलमच्चो ग्रामीण जलापूर्ति योजना से लोहापट्टी, तेलमोच्चो, कांड्रा पंचायत को जलापूर्ति करने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने उपायुक्त को पत्र लिखा है। पत्र में ग्रामीणों ने कहा है कि तीनों पंचायत के ग्रामीणों को निर्वाध रूप से पानी मिले, इसके लिए सरकार द्वारा तेलमच्चो ग्रामीण जलापूर्ति योजना का निर्माण किया गया। हालांकि विभागीय लापरवाही के कारण अधूरे कार्य को पूरा दिखाकर मुख्यमंत्री से योजना का ऑनलाइन उद्घाटन करा दिया गया। उद्घाटन के तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी ग्रामीणों को एक बूंद पानी नहीं मिला है। इस संबंध में विभाग से संपर्क करने पर कोरा आश्वासन ही मिलता आ रहा है। संवेदक द्वारा कांड्रा पंचायत के महुदा मोड़, लाल टोला, हरिजन टोला आदि में जलापूर्ति पाइप अभी भी नहीं बिछाई गई है। जिन जगहों पर पाइप बिछाई गई है। वह भी प्राक्कलन के अनुरूप नहीं है। जिससे अल्प समय में ही यह योजना अस्तित्व विहीन हो जाएगा। नियामानुसार तीनों पंचायत के सैकड़ों ग्रामीणों ने 310 रुपए देकर कनेक्शन लिया है, लेकिन उक्त योजना से लोगों को अब तक लाभ नहीं मिला है।