श्यामडीह स्थित हीरक रोड किनारे मानसिंहकुरवां में चार वर्ष पूर्व विवाह मंडप का शिलान्यास हुआ था तो इसके पास के लोगों में उम्मीद जगी थी कि विवाह व अन्य सामाजिक कार्य में लोगों को इसका फायदा होगा। शिलान्यास को पांच वर्ष बीत गए, लेकिन आज तक विवाह मंडप का कार्य पूरा नहीं हो सका है। इसे लेकर लोगों में काफी नाराजगी है। लोगों ने विवाह मंडप का कार्य यथाशीघ्र पूरा करने की मांग की है। बताते हैं कि विवाह मंडप का निर्माण कार्य जिप सदस्य सुभाष राय की अनुशंसा पर किया गया था। वर्ष 2014/2015 में चालीस लाख की लागत से इस विवाह मंडप का निर्माण कार्य शुरू किया गया। इसे संबंधित विभाग की लापरवाही ही कही जाएगी कि पांच वर्ष बीतने के बाद भी निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है। लोगों का कहना है कि विवाह मंडप का निर्माण कार्य पूरा होने से आसपास के लोगों का लाखों रुपए की बचत वैवाहिक व अन्य सामाजिक कार्यों से होता। इसकी चिंता किसी भी जनप्रतिनिधि को नहीं है।
यह है वर्तमान स्थिति : गोविंदपुर क्षेत्र के आकाशकिनारी में कोयला उठाव को लेकर विधायक ढुल्लू महतो व जिप सदस्य सुभाष राय के समर्थकों हुई हिंसक झड़प के बाद से ही इस निर्माणाधीन विवाह भवन में ताला लटका हुआ है। ताला लटकने का मुख्य कारण यह है कि घटना के दिन से ही प्रशासन ने विवाह मंडप परिसर में धारा 144 लगा रखा है। चूंकि जिप सदस्य के समर्थक आकाशकिनारी में गोलीबारी के दिन वहीं शरण लिए हुए थे। ताला लगे रहने के कारण उक्त स्थान में लोगों का आना जाना भी बंद हो गया है। धारा 144 लगने से पहले गरीब लोगों को इससे कुछ फायदा मिल रहा था। हालांकि लोगों में इस बात को लेकर भी नाराजगी देखी गई कि जिप सदस्य के समर्थक अधिकांश समय उसी स्थान में जमावड़ा लगाए रहते है। लोगों ने विवाह मंडप का कार्य पूरा कर उसे ग्रामीणों को सौंपने की मांग की है।
क्या कहते हैं संवेदक : इस संबंध में संवेदक राजीव घोष से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि विवाह मंडप का कार्य पूर्ण हो चुका है। बिल भुगतान पूरा नहीं होने के कारण भवन विभाग को नहीं सौंपा गया है। इधर ग्रामीण व जिप सदस्य ने भी कहा है कि विवाह मंडप का कार्य अधूरा पड़ा है। जिसके कारण इसका उद्घाटन भी नहीं हो पाया है। इससे ग्रामीणों को इसके लाभ से वंचित रहना पड़ रहा है।