बिल पास करने के बदले ठेकेदार से 10 हजार रुपए घूस लेते इंजीनियर गिरफ्तार
कृषि अभियांत्रिकी विभाग कवर्धा के असिस्टेंट एग्रीकल्चर इंजीनियर एके पाण्डेय बुधवार को बिल पास करने के बदले ठेकेदार से 10 हजार रुपए घूस लेते हुए रंगेहाथों पकड़ा गया। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) रायपुर की टीम ने उन्हें रिश्वत लेते पकड़ा। यह इंजीनियर पहले भी ठेकेदार से 25 हजार ले चुका था।
पकड़े जाने के बाद एसीबी की टीम ने ऑफिस में दस्तावेजों को खंगालना शुरू किया। ठेकेदार बलराम सिंह ठाकुर का आकाश ट्रेडर्स नाम की कंपनी है, जिसने कोटरा बुंदेली पंचायत के मानपुर गांव में चेकडैम निर्माण के लिए 1.98 लाख रुपए का मटेरियल सप्लाई किया था। भुगतान के लिए ठेकेदार बलराम ठाकुर ने बिल वाउचर लगाया था, लेकिन असिस्टेंट एग्रीकल्चर इंजीनियर एके पाण्डेय ने कमीशन के पैसों के लिए बिल रोक दिया। बिल पास करने के बदले उसने ठेकेदार से पहले 25 हजार रुपए रिश्वत लिया। बाद में 10 हजार रुपए और मांगने लगा, तो एबीसी से शिकायत की गई।