सहसपुर लोहारा में एटीपी मशीन से होगा बिजली बिल का भुगतान
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कम्पनी लिमिटेड द्वारा जिले के सहसपुर लोहारा वितरण केन्द्र परिसर में एटीपी मशीन स्थापित की गई,जिसका लोकार्पण नगर पंचायत उपाध्यक्ष दिवाकर लाल ड़ड़सेना द्वारा किया गया।
इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता वीके महालया,सहायक अभियंता केके झा,कनिष्ठ अभियंता आरजी साहू समेत नगरवासी मौजूद थे। वितरण केन्द्र में उपभोक्ताओं के विद्युत देयको के भुगतान को सुगम एवं सुविधाजनक बनाने की दृष्टि से एटीपी मशीन स्थापित की गई है। एटीपी मशीन की सुविधा शुरू हो जाने से क्षेत्र के 85 गांव के 13 हजार उपभोक्ताओं को बिजली बिल के भुगतान की सुविधा प्राप्त होगी।
प्रतिदिन सुबह 8 से रात 8 बजे तक किया जा सकेगा भुगतान: पूर्व में उपभोक्ताओं को मैनुअली पद्धति से बिजली बिल जमा करना पड़ता था, जिसमें अधिक समय लगता था व बिल भुगतान केन्द्र में उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लगी रहती थी। लेकिन एटीपी मशीन द्वारा बिजली बिल शीघ्र जमा होने से लोगों को अब बिल जमा करने में लगने वाली लंबी लाइनों से निजात भी मिलेगी। कनिष्ठ अभियंता आरजी साहू ने बताया कि इस सुविधा के आरंभ होने के बाद उपभोक्तओं द्वारा विद्युत देयको का भुगतान एटीपी मशीन से किए जाएंगे। यह सुविधा प्रतिदिन सुबह 8 से रात 8 बजे तक उपलब्ध रहेगी। इस नई सुविधा से क्षेत्र के उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।