भास्कर न्यूज | कवर्धा/सहसपुर लोहारा
पुलिस ने सहसपुर लोहारा थाना के कल्याणपुर में हुए शत्रुहन हत्याकांड का मामला सुलझा लिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी के तौर पर गांव के ही दसवन (45) को अयोध्या से गिरफ्तार किया।
बताया जाता है कि हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी तीर्थयात्रा पर प्रयागराज इलाहाबाद और अयोध्या घूम रहा था। उसके पास 60 हजार रुपए थे, जिसमें से पुलिस ने 25 हजार रुपए बरामद भी किए हैं। हालांकि, पुलिस की जांच अब भी जारी है। 28 मार्च को ग्राम कल्याणपुर निवासी शत्रुहन उर्फ मुन्ना साहू (40) की लाश गांव के भर्रीखार के कुएं में तैरती मिली थी। पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही थी। पीएम रिपोर्ट में डॉक्टर ने हत्या की जानकारी दी। अब इस हत्याकांड को लेकर खुलासा हुआ है। गांव के ही दसवन साहू पिता मेहत्तर साहू (45) ने शत्रुहन को जेसीबी गाड़ी खरीदने के लिए 7 लाख रुपए उधार दिए थे, लेकिन मृतक ने उधार रुपए वापस नहीं किए थे, इसी वजह से दसवन ने शत्रुहन की हत्या कर लाश को कुएं में फेंक दिया था।
उधार का पैसा वापस नहीं करने के कारण हत्या करके 57 दिन तक इलाहाबाद, प्रयागराज और अयोध्या की तीर्थयात्रा करता रहा आरोपी
सहसपुर लोहारा के कल्याणपुर का मामला, पुलिस की जांच अब भी जारी
शादी वाले घर से लौटकर की गई थी हत्या
लोहारा थाना के टीआई अंबर सिंह भारद्वाज ने बताया कि इस मामले में लगातार ग्रामीणों व मृतक के परिजनों से पूछताछ की जा रही थी। इस दौरान दसवन साहू पूछताछ में नहीं आया। इससे शक की सुई सीधे दसवन पर जाकर अटक गई। दसवन की पतासाजी की जा रही थी। पुलिस की टीम ने मोबाइल ट्रेकिंग के जरिए दसवन को अयोध्या से पकड़ ही लिया। दसवन ने बताया कि वह बीते 57 दिनों तक राज्य के बाहर इलाहाबाद, अयोध्या समेत अनेक तीर्थ स्थलों में रहा। उसने पूछताछ में बताया कि 25 मार्च को वह शत्रुहन के साथ ग्राम कुटकीपारा शादी के कार्यक्रम में गया था। वहां से वापस घर लौटने पर दसवन से उधार रुपए को वापस करने की मांग की, लेकिन मृतक ने पैसे नहीं लौटाए। इसके बाद दोनों गांव के भर्रीखार को ओर चले गए। इस दौरान दसवन ने शत्रुहन के सिर पर डंडे से वार कर दिया, जिससे उसकी वहीं मौत हो गई। लाश को ठिकाने लगाने के लिए कुंए में फेंक दिया था।
पुलिस को शंका, मामले में और भी लोग हो सकते हैं शामिल
मुख्य आरोपी के पकड़े जाने के बाद भी पुलिस की जांच खत्म नहीं हुई है। पुलिस को लगता है कि इस मामले में और भी आरोपी सामने आ सकते हैं। शुरुआती दौर में पुलिस ने 28 तारीख को शव को कुएं से बरामद किया था। पीएम रिपोर्ट के आधार पर सहसपुर लोहारा पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ 3 अप्रैल को धारा 201, 302 के तहत मामला दर्ज किया। एएसपी अनंत साहू के मुताबिक अभी भी जांच पेंडिंग हैं। पुलिस को शंका है कि इस हत्याकांड में एक से अधिक व्यक्ति का हाथ है।