मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह विकास यात्रा में 26 को पंडरिया व 30 मई को कवर्धा विधान सभा के प्रवास पर रहेंगे। डॉ. सिंह सुुबह 11 बजे हेलिकाप्टर से पंडरिया पहुंचेंगे और विधान सभा के विभिन्न विकास कार्यक्रमों में शिरकत करते हुए जनसभा को संबोधित करेंगे।
विकास यात्रा की प्रचार प्रसार और सफल बनाने के लिए जिले के 14 मंडलों में तैयारी की जा रही है। सोमवार को बोड़ला मंडल की बैठक हुई। इस दौरान विकास यात्रा में सीएम का स्वागत और ज्यादा से ज्यादा लोगों की उपस्थिति पर चर्चा की गई। बैठक प्रभारी विदेशीराम धुर्वे ने मंडल के सभी बूथों व शक्तिकेंद्र प्रभारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए और 14 वर्षों में हुए विकास गौरव को गांव गांव घर घर पहुंचाने पर जोर दिया। श्री धुर्वे ने कहा कि विकास को खोजने की जरूरत नहीं है। प्रदेश में चहूं ओर दिख रहा है। उसी विकास को जन जन तक पहुंचाने मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह जिले में आ रहे हैं। विकास यात्रा को सफल बनाने के लिए सभी मंडलों के संगठन प्रमुखों की जिम्मेदारी तय की गई है।
बैठक में विकास यात्रा के साथ ही शासन की योजनाओं को और भी लोकप्रिय बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में मंडल अध्यक्ष रामकिंकर वर्मा, महामंत्री शिवप्रसाद वर्मा, कांशीराम उइके, उपाध्यक्ष संतोष बिछिया, बलदाऊ चंद्रवंशी, गोकुल चंद्रवंशी, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा व किसान मोर्चा सहित सभी प्रकोष्ठ के पदाधिकारी मौजूद रहे।