ज्येष्ठ पुरुषोत्तम मास के शुक्ल पक्ष अष्टमी तिथि पर भारत माता की 33वीं भव्य महाआरती का आयोजन सोमवार को शहर के भारत माता प्रतिमा स्थल पर होगा। मां भारती राष्ट्र जागरण मंच के तत्वावधान में होने वाले इस अनूठे आयोजन के दो वर्ष पूर्ण हो चुके हैं और अनवरत जारी इस कार्यक्रम में अब तक विभिन्न कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुति दी है। एक बार फिर ज्येष्ठ पुरुषोत्तम मास की अष्टमी पर महाआरती करके शहरवासी भारत माता को नमन करेंगे और देशप्रेम प्रदर्शित करेंगे।
प्रदेश में सर्वप्रथम कवर्धा से प्रारंभ इस पुनीत कार्यक्रम की 33वीं कड़ी का आयोजन शुक्ल पक्ष अष्टमी तिथि पर 22 मई को होगा। इस आयोजन के लिए तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। कार्यक्रम की शुरुआत शाम 7 बजे से होगी। शुरुआती सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद भारत माता की भव्य महाआरती का आयोजन होगा। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे व सहस्त्र दीप आरती होगी। मां भारती राष्ट्र जागरण मंच ने सभी के लिए दीप की व्यवस्था भी की है। महाआरती के पूर्व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी होगी।