पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • बगैर गाइडलाइन कॉलेजों में परीक्षा में भरवाए 4 हजार फाॅर्म रिजेक्ट

बगैर गाइडलाइन कॉलेजों में परीक्षा में भरवाए 4 हजार फाॅर्म रिजेक्ट

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
संचार क्रांति योजना (स्काई) के जरिए जिले के 7 सरकारी कॉलेज के 4,217 रेगुलर स्टूडेंट्स को मुफ्त में स्मार्टफोन देना है। कॉलेजों ने मनमानी के चलते बगैर गाइडलाइन के 4 हजार से ज्यादा स्टूडेंट से फाॅर्म भरवा लिया, वह भी परीक्षा के बीच। 10 मई को गाइडलाइन मिलने के बाद भरे गए सभी फाॅर्म रिजेक्ट कर दिया गया है।

इस बात को लेकर अब स्टूडेंट्स में नाराजगी हैं। क्योंकि कॉलेज प्रबंधन ने परीक्षा के बीच ही 5 से 11 मई तक स्मार्टफोन के लिए फाॅर्म भरने काे कहा। समय कम होने से स्टूडेंट हड़बड़ी में परीक्षा की तैयारी छोड़कर फाॅर्म भरने में लगे रहे, जिससे उनका समय बर्बाद हुआ।

प्रत्येक स्टूडेंट ने औसतन 20 रुपए खर्च किए : अब भरे गए फाॅर्म भी रिजेक्ट हो गए हैं, जिस पर प्रत्येक स्टूडेंट से औसतन 20 रुपए खर्च किया था। यानि 4 हजार स्टूडेंट के हिसाब से 80 हजार रुपए खर्च बेकार गए।

कवर्धा. परीक्षा के दौरान भरवाए थे फॉर्म।

10 मई को जारी की थी स्मार्टफोन के लिए गाइड लाइन

फाॅर्म भरने के बाद ऑनलाइन एंट्री हाेगी

राज्य सरकार ने स्मार्टफोन देने 10 मई को गाइडलाइन जारी की। इसके मुताबिक 18 मई से फाॅर्म भरा जाना है। फाॅर्म लेने के बाद इसे ऑनलाइन पोर्टल में एंट्री करनी है। लेकिन कॉलेजों ने समय से पहले काम दिखाकर वाहवाही लूटना चाही। यही कारण है कि गाइडलाइन का इंतजार तक नहीं किया और फाॅर्म भरवा लिया।

पीजी कॉलेज प्रबंधन इसके लिए जिम्मेदार

मामले में पीजी कॉलेज प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है। क्योंकि कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य डॉ. एचआर राणा ने पंडरिया के इंदिरा गांधी समेत दीगर कॉलेजों को स्मार्टफोन के लिए स्टूडेंट्स से फाॅर्म भरवाने कहा था। इसके लिए कोई लिखित आदेश भी नहीं निकाले गए थे।

कॉलेजों में रेगुलर स्टूडेंट जिन्हें मिलेगा स्मार्टफाेन

कॉलेज रेगुलर स्टूडेंट

पीजी कॉलेज कवर्धा 2800

गर्ल्स कॉलेज कवर्धा 450

इंदिरा गांधी काॅलेज पंडरिया 980

विवेकानंद कॉलेज बोड़ला 840

पांडतराई कॉलेज 540

सहसपुर लोहारा कॉलेज 270

पिपरिया कॉलेज 337

सीधी बात

डॉ. एचआर राणा, प्रभारी प्राचार्य, कॉलेज

स्मार्टफोन के लिए फाॅर्म भराने गाइडलाइन का इंतजार क्यों नहीं किया?

- हमें लगा कि पहले ही फाॅर्म भरवा लेंगे तो काम जल्दी निपट जाएगा और कोई असुविधा नहीं होगी।

लेकिन परीक्षा के दौरान भरवाने से स्टूडेंट की परेशानी का ख्याल क्यों नहीं रखा?

- माना कि गलती हुई है। अब गाइडलाइन मुताबिक फाॅर्म भरे जाएंगे।

आपकी देखादेखी बाकी कॉलेजों ने जो फाॅर्म भरवाना शुरू कर दिए थे, उसका क्या?

- पूर्व में भरे गए सभी फाॅर्म अमान्य हैं। नए सिरे से स्मार्टफोन के लिए छात्र-छात्राओं को आवेदन करना होगा। अब कॉलेजों से ही फाॅर्मेट देंगे।

पीजी कॉलेज से ही निर्देश मिला था

पीजी कॉलेज प्रबंधन से निर्देश मिला था। उसके मुताबिक हमारे कॉलेज में भी फाॅर्म भरवाना शुरू किया था। बाद में फाॅर्म लेना बंद कर दिए। मंगलवार को प्रशिक्षण है। डॉ. एमएल कश्यप, प्राचार्य, इंदिरा गांधी कॉलेज पंडरिया

हमें लगा कि फॉर्म भरवा लेंगे तो काम जल्दी िनपटेगा

खबरें और भी हैं...