बीएससी नर्सिंग में दाखिले के लिए गुरुवार को एग्जाम हुआ। छग व्यवसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) रायपुर की ओर आयोजित इस परीक्षा के लिए कवर्धा शहर में 4 सेंटर बनाए गए थे। परीक्षा को लेकर 1318 अभ्यर्थियों ने पंजीयन कराया था, जिसमें से 1136 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दिलाई, जबकि 182 अनुपस्थित रहे। परीक्षा दिलाने वालाें में छात्राएं ज्यादा थी।
केंद्रों में सुबह 10 बजे प्रवेश परीक्षा शुरू हुई, जो दोपहर 12.15 बजे तक चली। इंट्रेंस एग्जाम में 1-1 अंक के 100 सवाल पूछे गए थे। फिजिक्स, केमेस्ट्री, बॉटनी और जूलॉजी से 25-25 सवाल पूछे गए, जिसे हल करने के लिए 2 घंटे का समय निर्धारित किया गया था। पर्चा आसान होने से अभ्यर्थियों के चेहरे खिले दिखे। बताया जा रहा है कि मेरिट बेस पर अभ्यर्थियों का चयन होगा। सबसे ज्यादा अंक हासिल करने वाले अभ्यर्थी मर्जी से छग का कोई भी नर्सिंग संस्थान चुन सकेंगे।
कॉलेजों का प्रचार: माइनस मार्किंग नहीं होने से अभ्यर्थियों ने बेझिझक परीक्षा दिलाई। खास बात ये है कि सभी परीक्षा केंद्रों के बाहर विभिन्न नर्सिंग कॉलेजों का प्रचार- प्रसार किया रहा था। अभ्यर्थियों को कॉलेज की जानकारी वाले पम्फलेट बांटे जा रहे थे।
नर्सिंग प्रवेश परीक्षा
कवर्धा शहर के 4 सेंटरों मंें ली गई परीक्षा, मेरिट में आए तो मर्जी से चुन सकेंगे काॅलेज
कवर्धा. बीएससी नर्सिंग की प्रवेश परीक्षा में सम्मिलित प्रतिभागी।
उड़नदस्ता टीम ने दी दबिश
पीजी कॉलेज समेत 3 अन्य स्कूलों में प्रवेश परीक्षा हुई। नकल रोकने तहसीलदार रश्मि वर्मा, फूड कंट्रोलर डॉ. एचएल बंजारे और महिला बाल विकास विभाग अधिकारी एलआर कच्छप के नेतृत्व में 3 उड़नदस्ता टीम बनाई गई थी। सेंटर में दबिश दी, लेकिन नकल का प्रकरण नहीं बना।