सहसपुर लोहारा क्षेत्र के किसानों के लिए गुरुवार का दिन राहत भरी खबर लेकर आया। इस क्षेत्र के 23 गांव के हजारों किसानों की 20 साल पुरानी मांग पर सरकार ने अपनी सहमति दे दी है। क्षेत्र के सुतियापाट बांध से बने लेफ्ट बैंक केनाल (दाहिने नहर लाइन) की लंबाई अब और 16 किलोमीटर बढ़ाई जाएगी। इससे 23 गांव के 3250 हेक्टेयर खेतों को पानी मिलेगा। जलसंसाधन विभाग ने इसके लिए साढ़े 16 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं।
किसानों ने अपनी इस सबसे पुरानी मांग को लेकर सांसद अभिषेक सिंह से गुहार लगाई थी। जिसके बाद सांसद ने राज्य सरकार के जलसंसाधन विभाग को चिट्ठी लिखी थी। इसके बाद सिंचाई विभाग ने इस दिशा में अपने पिछले सर्वे को आगे बढ़ाया और साल 2017 में सर्वे शुरु कराया। सर्वे रिपोर्ट जाने के बाद काम के खर्च का आंकलन करने के बाद अब जलसंसाधन विभाग ने नहर के विस्तार के लिए साढ़े 16 करोड़ रुपए की मंजूरी दे दी है। सांसद के प्रयास के बाद यह मांग पूरी हुई है। इस पर काम पूरा होने के बाद योजना की कुल सिंचाई क्षमता 7310 हेक्टेयर हो जाएगी।
सुतियापाट बांध की जलभराव क्षमता लगभग 35 मिलियन क्यूबिक मीटर है। 2009 में दो नहर बनने थे। आरबीसी और एलबीसी। वर्तमान में आरबीसी के जरिए 3350 हेक्टेयर जमीन में व एलबीसी के जरिए 710 हेक्टेयर जमीन में सिंचाई के लिए पानी पहुंचता है।
कवर्धा. सुतियापाट बांध के मुख्य नहर का हिस्सा। अब इसके आगे विस्तार होगा।
ये हैं वे 23 गांव, जिन्हें नहर से मिलेगा बांध का पानी
इस नहर के निर्माण से 23 गांव को फायदा होगा। पिपरटोला में 40 हेक्टेयर, ग्राम खजरी में 205 हेक्टेयर, ग्राम कल्याणपुर में 115 हेक्टेयर, ब्राह्मणटोला में 110 हेक्टेयर, चिल्हाटी में 150 हेक्टेयर, विचारपुर में 200 हेक्टेयर, सिंगारपुर में 180 हेक्टेयर, ढोढमानवापार में 90 हेक्टेयर, सुखतरा में 80 हेक्टेयर, बाजगुड़ा में 130 हेक्टेयर, तिलईभाट में 185 हेक्टेयर, राम्हेपुर में 150 हेक्टेयर, ग्राम दैहानडीह में 220 हेक्टेयर, ग्राम खैरबना में 230 हेक्टेयर, दसलाटोला में 130 हेक्टेयर, नवघटा में 150 हेक्टेयर, ग्राम सबराटोला में 80 हेक्टेयर, रेंगाटोला में 75 हेक्टेयर, रंजीतपुर में 110 हेक्टेयर, पटपर में 120 हेक्टेयर, जमुनिया में 130 हेक्टेयर सिंचाई सुविधा मिलेगी।