16 साल से जीएलआर सूखी, पानी के लिए भटक रहे हैं पशु
कवास | आदर्श ढूंढा में बारड़ो की ढाणी करीब पचास परिवारों के बीच स्थित जीएलआर व पशु कुंड पिछले 16 सालों से सूखा पड़ा है। इसके कारण आमजन को मजबूरी में महंगे दामों पर पानी के टैंकर मंगवाकर प्यास बुझानी पड़ती है। लेकिन पशु पानी का कुंड खाली रहने से इधर-उधर भटकते नजर आते हैं। ग्रामीण पीरसिंह ने बताया कि इस टंकी पर दिनभर पशु पानी की तलाश में भटकते रते है। ग्रामीणों ने बताया कि इस जीएलआर में पहले पानी की सप्लाई होती थी। तब पूरे गांव व आसपास की ढाणियों मे पानी की किल्लत दूर हो जाती थी, लेकिन अब जलदाय विभाग के कुछ स्थानीय कर्मचारियों की हठधर्मिता व घरों में अवैध कनेक्शन करने के कारण जीएलआर तक पानी नहीं पहुंचता है। जिससे जीएलआर व पशु कुंड खाली होने के साथ कंटीली झाड़ियों से अटी पड़ी है। उन्होंने जलदाय विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द से जल्द इस टंकी तक पानी पहुंचाया गया तो ग्रामीणों को मजबूरन धरने प्रदर्शन को मजबूर होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि अगर अगले सात दिन में इस टंकी तक पानी नहीं आया तो ग्रामीण विभाग पर प्रदर्शन करने को मजबूर हो जाएंगे।