हाड़ौती ब्लड डोनर सोसायटी, गायत्री परिवार एवं कस्बेवासियों के सहयोग से तीन जून को लगाए जाने वाले रक्तदान शिविर की तैयारियों को लेकर सीताबाड़ी स्थित गायत्री मंदिर पर बैठक हुई। जिसमें समाजसेवियों ने हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। बैठक में हाड़ौती ब्लड डोनर सोसायटी के गुड्डू शर्मा, विकास मित्तल, मुकेश मीणा, भुवनेश जिंदल, जावेद व पारस जिंदल ने बताया कि वर्तमान में जिला चिकित्सालय ब्लड की कमी से जूझ रहा है। ऐसे में सभी का दायित्व है कि इसको पूरा करने के लिए ज्यादा से ज्यादा रक्तदान शिविरों का आयोजन कर जिंदगी और मौत से जूझ रहे लोगों को नया जीवनदान देने में सहयोग करें। बैठक में बीएड कॉलेज अध्यक्ष राणाप्रताप सिंह, लैब टेक्नीशियन रामप्रताप मीणा, कपिल राठौर, राजेंद्र खत्री, रामबृजेश चौधरी, मां बाड़ी संघ के जिला उपाध्यक्ष बृजेश सहरिया, बीरू, गायत्री परिवार से जुड़े हरिश्चंद्र, सोनू शर्मा आदि ने सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक में तय किया कि रक्तदान शिविर को लेकर सभी समाज, सामाजिक संगठन, कर्मचारी संगठन, निजी एवं सरकारी विभागों के अलावा सहरिया समाज को भी जागरूक किया जाएगा। वहीं गांव-गांव जाकर टीम गठित करते हुए पीले चावल से निमंत्रण देते हुए संकल्प पत्र भरवाए जाएंगे। बैठक में राधेश्याम गुप्ता, हेमराज राठौर, जगदीश राठौर, मुकेश प्रजापत, पदम राठौर, हेमंत भार्गव, विकास सिंघल, अमित अग्रवाल आदि मौजूद थे।
केलवाड़ा. रक्तदान शिविर को लेकर आयोजित बैठक में मौजूद कस्बेवासी।