केलवाड़ा| कस्बे के मुख्य मार्ग पर स्थित अरिहंत वाटर प्लांट का शुक्रवार रात को अज्ञात चोरों ने मेन गेट का ताला तोड़कर इनवर्टर की नई व पुरानी बैटरियों चुरा ली। वहीं सीसीटीवी कैमरे की लाइन भी काट दी। पीड़ित अमित जैन ने बताया कि शुक्रवार देररात को अज्ञात चोर वाटर प्लांट के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और पिछली खिड़की को तोड़ते हुए सीसीटीवी कैमरे की वायरिंग को काट दिया। फिर इनवर्टर की एक नई बैटरी एवं ट्रैक्टर, कार एवं इनवर्टर की 23 पुरानी बैटरियों को चुरा लिया। घटना की कुछ रिकॉर्डिंग सीसीटीवी में भी कैद हुई। जिसमें चोरों ने अपने चेहरे छुपा रखे हैं। पीड़ित अमित जैन ने बताया कि चोरों के साथ एक कम उम्र का बालक भी शामिल है, जो कि सीसीटीवी में दिखाई दे रहा है। चोरी की इस घटना में लगभग 60 हजार का नुकसान हुआ है। अमित जैन ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में मामला दर्ज करवाया है।
केलवाड़ा. खिड़की तोड़कर घुसे चोर 60 हजार की नई व पुरानी बैटरियां ले गए।