5 हजार जुर्माना देकर हिंदी की परीक्षा दे पाएंगे छात्र
जगदलपुर | मुख्यमंत्री डीएवी स्कूल बास्तानार के प्रबंधन की गलती का खामियाजा अब छात्रों को भुगतना होगा। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के भुवनेश्वर जोन ने इन छात्रों को जुर्माना के साथ फिर से परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दे दी है। रीजनल आफिसर ने छात्रों को दोबारा परीक्षा में शामिल होने की अनुमति देते हुए प्रति परीक्षार्थी 5 हजार रुपए का जुर्माना भी देने को कहा है। डीएवी स्कूल के प्राचार्य से 90 हजार रुपए का डीडी 3 दिनों के भीतर भुवनेश्वर स्थित कार्यालय को भेजने का निर्देश भी दिया गया है, जिसके बाद ये छात्र अब हिंदी कोर विषय की परीक्षा फिर दे दे सकेंगे। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डीएवी स्कूल बास्तानार के 12वीं कक्षा के इन 18 छात्रों ने इस साल वार्षिक परीक्षा दंतेवाड़ा स्थित केंद्रीय विद्यालय के केंद्र पर दी थी। गत 2 अप्रैल को अंग्रेजी इलेक्टिव का पर्चा था लेकिन ये सभी परीक्षार्थी साल भर हिंदी कोर विषय की तैयारी करने के कारण इलेक्टिव का पर्चा नहीं बना पाए थे।
इसके बाद बवाल मच गया था। पालकों की शिकायत के बाद स्कूल के प्राचार्य ने 4 और 5 अप्रैल को पत्र क्षेत्रीय कार्यालय को पत्र भेजकर गलती से अवगत कराया और इन बच्चों के हित में निर्णय लिए जाने का अनुरोध किया था। इसके समर्थन में डीएवी इंस्टीट्यूशन्स के उप क्षेत्रीय निदेशक छत्तीसगढ़ रीजन जोन ए की ओर से भी बोर्ड से अनुरोध किया गया था।
इसके बाद बोर्ड के भुवनेश्वर कार्यालय से रीजनल ऑफिसर ने 12 अप्रैल को पत्र भेजकर इन छात्रों को परीक्षा में शामिल होने की सशर्त अनुमति जारी कर दी है। इधर स्कूल की प्राचार्य पदमा राव ने बताया कि स्कूल की ओर से किए गए अनुरोध को स्वीकारते हुए सीबीएसई के रीजनल कार्यालय ने 27 अप्रैल को दोबारा परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दे दी है।