करदाताओं से विनम्रता से पेश आएं अधिकारी : आयकर विभाग
नई दिल्ली|आयकर अधिकारियों के मनमानी करने की शिकायतें बढ़ने से चिंतित आयकर विभाग ने उन्हें करदाताओं के साथ विनम्रता से पेश आने को कहा है। इस संबंंध में डायरेक्टरेट ऑफ टैक्सपेयर्स सर्विसेज (टीपीएस) ने 16 अप्रैल को नए दिशानिर्देश भी जारी किए हैं। यह निदेशालय को कुछ साल पहले करदाताओं और आयकर अधिकारियों के बीच होने वाले व्यवहार को आसान बनाने के साथ-साथ करदाताओं की शिकायतों के निवारण के लिए बनाया गया था। दिशानिर्देश में कहा गया है कि केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) करदाताओं या उनके प्रतिनिधियों से बातचीत के दौरान कर-अधिकारियों से विनम्र रुख अपनाने के बारे में कहता रहा है। लेकिन सबसे अहम बात यह है कि कर अधिकारी और अन्य कर्मियों का व्यवहार विनम्र और तिरस्कार से बचने वाला होना चाहिए। इस संबंध में टीपीएस निदेशालय की प्रिंसिपल डायरेक्टर जनरल नीना कुमार ने देशभर में विभाग के सभी प्रमुखों को पत्र लिखा है। इसमें में कहा गया है कि टीपीएस और सीबीडीटी को अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ उत्पीड़न, बदसलूकी और मनमानी करने की कई शिकायतें मिली हैं। ऐसी घटनाएं पूरे विभाग की छवि को नुकसान पहुंचाती हैं।