पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • दुष्कर्मों के खिलाफ दिल्ली में ‘नॉट इन माई नेम’ मार्च

दुष्कर्मों के खिलाफ दिल्ली में ‘नॉट इन माई नेम’ मार्च

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नई दिल्ली | कठुआ, उन्नाव सहित युवतियों और बच्चियों के साथ दुष्कर्म की बढ़ती घटनाओं के विरोध में रविवार को देश के कई शहरों में प्रदर्शन हुए। दिल्ली में संसद मार्ग पर “नॉट इन माई नेम’ मार्च निकाला गया। सिविल सोसायटी ने संसद मार्ग पर यह मार्च निकाला। प्रदर्शन में काफी संख्या में महिला, पुरुष और थर्ड जेंडर के लोग शामिल थे।

कठुआ दुष्कर्म और हत्याकांड के आरोपियों की रैली में गए थे दोनों मंत्री

भाजपा के मंत्रियों के इस्तीफे मंजूर वकीलों से हड़ताल खत्म करने कहा

वकीलों की भूमिका जांचने कठुआ और जम्मू जाएगा बार काउंसिल का 5 सदस्यीय दल

भास्कर न्यूज | नई दिल्ली/जम्मू

कठुआ दुष्कर्म कांड के आरोपियों के समर्थन में हुई रैली में जाकर विवादों में घिरे भाजपा के दोनों मंत्रियों के इस्तीफे मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने रविवार को मंजूर कर लिए। राज्य सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि मंत्री लाल सिंह और चंद्र प्रकाश गंगा के इस्तीफे सुबह ही भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सत शर्मा ने मुख्यमंत्री को भेजे थे। इन्हें तत्काल मंजूर कर राज्यपाल एनएन वोहरा के पास भेज दिया गया।

इसी बीच, बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने जम्मू और कठुआ के बार एसोसिएशंस को हड़ताल वापस लेने के लिए कहा है। वकीलों के दुर्व्यवहार के आरोपों की जांच के लिए काउंसिल हाईकोर्ट के रिटायर्ड चीफ जस्टिस की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय टीम भी भेजेगी। काउंसिल के चेयरमैन और सीनियर एडवोकेट मनन कुमार मिश्रा ने कहा कि अगर कोई वकील दोषी मिला तो उसका लाइसेंस भी कैंसिल किया जा सकता है। सुप्रीम कोर्ट के नोटिस के बाद काउंसिल की जनरल बॉडी की मीटिंग में यह फैसला किया गया। उल्लेखनीय है कि जम्मू की बार एसोसिएशन 17 अप्रैल तक हड़ताल पर है।



यह लोग इलाके में बांग्लादेशी और रोहिंग्याओं की अवैध मौजूदगी के खिलाफ हड़ताल पर हैं। साथ ही कठुआ मामले की सीबीआई जांच की भी मांग कर रहे हैं।

दो मंत्रियों को हटाने के बाद भाजपा ने मांगा कांग्रेस अध्यक्ष का इस्तीफा

आरोपी के परिवार ने कहा- सीबीआई जांच हो, फिर सरेआम फांसी दे देना

रासना | कठुआ कांड का मुख्य साजिशकर्ता बताए जा रहे सांझी राम के परिवार ने कहा है कि मामले की जांच सीबीआई से करवानी चाहिए। उसमें दोषी मिलने पर भले ही सांझी राम और उसके बेटे को सरेआम फांसी दे देना। भूख हड़ताल पर बैठी सांझी राम की बेटी ने कहा, “आठ साल की बच्ची को न्याय दिलाने के लिए सीबीआई जांच की मांग को मीडिया दोषियों को बचाने अौर जांच में रुकावट डालने की कोशिश क्यों दिखा रहा है।’ पिछले 15 दिनों के दौरान गिरफ्तार किए गए लोगों के समर्थन में भूख हड़ताल पर बैठी 16 महिलाएं अस्पताल में भर्ती करवाई जा चुकी हैं।

उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता के परिवार का आरोप- विधायक सेंगर के गुंडे दे रहे धमकी, गांव से दो लोगों के गायब होने का किया दावा

लखनऊ | उन्नाव दुष्कर्म केस की पीड़िता के परिवार ने आरोप लगाया है कि भाजपा विधायक कुलदीप सेंगर के गुंडे उन्हें और गवाहों को धमका रहे हैं। पीड़िता के चाचा ने दावा किया कि विधायक का भाई अतुल सिंह जेल से ही अपने लोगों को गांव वालों को धमकाने के निर्देश दे रहा है। उन्होंने दावा किया कि गांव के दो लोग लापता भी हैं। उन्होंने कहा कि शनिवार को विधायक के गुंडे दो गाड़ियों में गांव भी गए थे। इसी बीच, पीड़िता को नौकरी का झांसा देकर विधायक के पास ले जाने की आरोपी शशि सिंह को कोर्ट ने चार दिन के रिमांड पर सीबीआई को सौंप दिया।

विधायक को भी कोर्ट ने शनिवार को सात दिन के रिमांड पर जांच एजेंसी को सौंपा था।

रिमांड के तहत सीबीआई टीम रविवार को विधायक को उन्नाव लेकर गई। साक्ष्य जुटाने के लिए उन्हें घटनास्थल पर भी ले जाया जा सकता है।

मोदी को लिखे गए दो खुले पत्र

पूर्व नौकरशाहों ने कहा- दोषियों पर सख्त कार्रवाई करें : 49 पूर्व नौकरशाहों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम लिखे खुले पत्र में कठुआ और उन्नाव कांड के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। अरुणा रॉय, हर्ष मंदर, वजाहत हबीबुल्ला, जवाहर सरकार और एनसी सक्सेना सहित अन्य पूर्व नौकरशाहों ने मौजूदा हालात को अस्तित्व का संकट करार दिया। इन्होंने कहा कि इस मौके पर सरकार का रुख तय करेगा कि राष्ट्र के तौर पर हम इस संकट से उबर पाएंगे कि नहीं।

पत्र में प्रधानमंत्री मोदी से सख्त कार्रवाई करते हुए देश को अराजकता में डूबने से बचाने की मांग की गई है। उत्तरप्रदेश अौर जम्मू-कश्मीर में भाजपा की सरकार होने का हवाला देते हुए इन्होंने मौजूदा हालात के लिए मोदी को सबसे ज्यादा जिम्मेदार ठहराया।

ब्रिटेन में भारतीय छात्रों ने कहा- असाधारण कदम उठाकर साबित करें कि भारत में बेटियां महत्वपूर्ण

नेशनल इंडियन स्टूडेंट्स एंड एलुमनी यूनियन ब्रिटेन ने ब्रिटिश विश्वविद्यालयों से जुड़ी भारत की 19 सोसायटी के साथ मिलकर मोदी से कहा गया है, ‘असाधारण समय असाधारण उपाय मांगता है। कृपया ऐसे असाधारण कदम उठाकर साबित करें कि भारत की बेटियां मायने रखती हैं।’

कठुआ दुष्कर्म केस में दिए बयान के आधार पर भाजपा ने जम्मू-कश्मीर कांग्रेस के अध्यक्ष गुलाम अहमद मीर को हटाने की मांग की है। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि मीर ने लोगों के हवाले से कहा है कि इस कांड का दोषी बाहर है। यह जांच राजनीति से प्रेरित है और मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मीर को पद से क्यों नहीं हटाया। राहुल गांधी निर्भया कांड के वक्त कहां थे?

खबरें और भी हैं...