मोदी का मौन टूटा, तब हुई कार्रवाई
हाईकोर्ट की निगरानी में होगी जांच, कोर्ट ने 2 मई को मांगी स्टेटस रिपोर्ट
भास्कर न्यूज | लखनऊ/इलाहाबाद
देश को आक्रोशित करने वाले दुष्कर्म के दो मामलों पर शुक्रवार को पहली बार प्रधानमंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि गुनहगार बचेंगे नहीं और बेटियों को न्याय मिलेगा। इसके बाद यूपी से दुष्कर्म के आरोपी भाजपा विधायक की गिरफ्तारी की खबर आई। इससे पहले सीबीआई ने शुक्रवार तड़के आरोपी विधायक कुलदीप सेंगर को हिरासत में ले लिया था। दिन में इलाहाबाद हाईकोर्ट विधायक को गिरफ्तार करने का आदेश दे चुका था। करीब 17 घंटे की पूछताछ के बाद विधायक को गिरफ्तार किया गया। निलंबित पुलिस अधिकारी कुंवर सिंह और अशोक कुमार सहित 6 पुलिसकर्मियों से भी पूछताछ हुई। घटना के वक्त उन्नाव की एसपी नेहा पांडेय और मौजूदा एसपी पुष्पांजलि से भी पूछताछ होगी।
दुष्कर्म के दो मामले, जिन्होंने देश को झकझोर रखा है...
घर वाले कहते रहे कि विधायकजी काशी विश्वनाथ दर्शन करने के लिए निकले हैं...
गुरुवार रात एफआईआर दर्ज करने के बाद सीबीआई टीम विधायक को गिरफ्तार करने निकली। रात 2 बजे आईजी लखनऊ रेंज सुजीत पांडे लखनऊ के एसएसपी के घर पहुंचे। ढाई बजे सीबीआई के एसपी राघवेंद्र वत्स भी पहुंच गए। दो टीमें उन्नाव रवाना हुईं। एक टीम लखनऊ में विधायक को ढूंढ़ना शुरू किया। रिश्तेदारों ने बताया कि विधायकजी काशी विश्वनाथ दर्शन को निकले हैं। साढ़े तीन बजे पता चला कि विधायक लखनऊ के इंदिरा नगर में छिपे हैं। 4.10 बजे विधायक को पकड़ लिया गया।
ग्राउंड रिपोर्ट: पेज-15 पर
कुलदीप सिंह
कठुआ कांड: भाजपा के दो मंत्रियों के इस्तीफे
पीड़ित के वकीलों को पेशी से रोकने पर सुप्रीम कोर्ट की फटकार; कहा- न्यायिक प्रक्रिया में रोड़े न अटकाएं। आरोपियों के बचाव में हुई रैली में गए भाजपा के दो मंत्रियों ने पार्टी प्रमुख को इस्तीफा सौंपा। आज दोनों दलों की बैठक।
श्रीनगर में महबूबा मुफ्ती पीडीपी की बैठक लेंगी, राम माधव जम्मू पहुंचेंगे
भास्कर न्यूज | नई दिल्ली/जम्मू
कठुआ में एक हफ्ते तक सामूहिक दुष्कर्म के बाद आठ साल की बच्ची की हत्या पर भड़के आक्राेश की आंच पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार तक पहुंच गई है। आरोपियों के पक्ष में हिंदू एकता मंच की रैली में गए भाजपा के दो मंत्रियों चौधरी लाल सिंह और चंद्र प्रकाश गंगा ने शुक्रवार शाम भाजपा प्रदेशाध्यक्ष को इस्तीफे सौंप दिए। इससे पहले भाजपा प्रवक्ता मीनाक्षी लेखी ने दावा किया कि मंत्रियों को गुमराह किया गया था। ओर यह कोई अपराध नहीं है। विवाद बढ़ने पर भाजपा क्राइम ब्रांच की जांच के समर्थन में खड़ी हो गई थी। इस बीच शनिवार को पीडीपी ने श्रीनगर में बैठक बुलाई है। वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव जम्मू में बैठक लेंगे।
गांव की गलियां सूनी पड़ी हैं, पीड़ित परिवार अपना घर छोड़कर जा चुका है
कठुआ के रसाना गांव से गोविंद चौहान
जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के रसाना गांव। 8 साल की दुष्कर्म पीड़िता मृतक बच्ची यही रहती थी। गांव में दहशत का माहौल है। गलियां सूनी पड़ी हुई हैं। जो कुछ घर आबाद हैं, वहां सिर्फ बच्चे या कुछ महिलाएं दिखती हैं। गांव के एक छोर पर उस बच्ची का भी घर है। जिसमें अब काेई नहीं। बच्ची के परिवार वाले अपने मवेशियों के साथ कश्मीर की ओर निकल चुके हैं। पुलिस का गांव के बाहर पहरा लगा है। गांव के छह लोग जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। वे जेल में हैं। बाकी लोगों में ज्यादातर धरने पर बैठे हैं। शेष|पेज 15
दुष्कर्म पीड़िता
बच्ची को उसके मौसा ने गोद लिया था। क्योंकि मौसा के दो बेटों की दुर्घटना में मौत हो गई थी। गांव से दूर जंगल में उनकी अपनी जमीन है। यहीं पर मकान है। गांव के सरपंच कांत कुमार कहते हैं कि बच्ची गांव की आंगनबाड़ी में ही पढ़ती थी। हर दिन गांव में पानी लेने, खेलने और मवेशी लेकर आती थी। बच्ची का चाचा भी गायब है। बच्ची के लापता होने से 4 दिन पहले भाईयों में झगड़ा हुआ था।
केंद्रीय मंत्री बोलीं- पोक्सो के दोषियों के लिए फांसी का कानून हो
महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी ने कहा कि सरकार पोक्सो कानून के तहत दोषियों को फांसी सजा का कानून लाएगी। उन्होंने कहा कि उनका मंत्रालय पोक्सो में संशोधन का प्रस्ताव रखेगा, जिसमें 12 साल से कम उम्र के बच्चों के यौन शोषण के मामले में मौत की सजा का प्रावधान हो।