पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • एशिया की सबसे लंबी जोजिला सुरंग को बनाने का काम शुरू, पीएम ने की शुरुआत

एशिया की सबसे लंबी जोजिला सुरंग को बनाने का काम शुरू, पीएम ने की शुरुआत

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर-लेह नेशनल हाईवे पर शनिवार को एशिया के सबसे बड़ी जोजिला सुरंग के निर्माण की शुरुआत की। प्रधानमंत्री ने कहा कि इसके निर्माण से लद्दाख क्षेत्र में पर्यटन को और अधिक बढ़ावा मिलेगा। लेह में जोजिला सुरंग की आधारशिला रखने के बाद जनसभा में मोदी ने कहा कि कश्मीर घाटी तथा जम्मू क्षेत्र के लाेगों को लद्दाख से सीख लेनी चाहिए। सर्दी के छह से सात महीने में देश के अन्य हिस्सों से कटे रहने के बावजूद लद्दाख के लोग पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव प्रयास करते हैं। लद्दाख में हर साल दो लाख से ज्यादा पर्यटक आते हैं। आतंकवादियों के खिलाफ अभियान रोके जाने की घोषणा के बाद प्रधानमंत्री मोदी राज्य की एक दिन की यात्रा पर थे। इस दौरान उन्होंने श्रीनगर और जम्मू में अलग-अलग रिंग रोड परियोजनाओं की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि 25 हजार करोड़ रुपए की परियोजनाओं की शुरुआत से राज्य में लोगों को फायदा होगा। कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, पीएमओ में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह, राज्य की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती भी मौजूद थी।

श्रीनगर, करगिल तथा लेह के बीच पूरे साल रहेगा सड़क संपर्क

जोजिला सुरंग खास

11, 578 फीट की ऊंचाई पर श्रीनगर-करगिल-लेह नेशनल हाईवे पर बन रहा 14.15 किमी लंबी यह सुरंग आधुनिक इंजीनियरिंग का अनूठा उदाहरण होगा 3.50 घंटे की जोजिला पहाड़ी की दूरी घटकर 15 मिनट की रह जाएगी 90 प्रतिशत स्थानीय लोगों को काम मिलेगा सुरंग निर्माण में 6 साल में सुरंग बनाने का लक्ष्य है, मोदी ने पांच साल में पूरा करने का आह्वान किया सर्दियों में भारी बर्फबारी के बीच भी लद्दाख का सड़क संपर्क बना रहेगा पीएम मोदी 12 अगस्त 2014 के बाद दूसरी बार लेह पहुंचे थे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने लेह और करगिल में अंतरराष्ट्रीय स्तर का इंडोर स्टेडियम की मांग की। उन्होंने कहा कि यहां आइस स्केटिंग और आइस हॉकी के अच्छे खिलाड़ी हैं।

प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति ने इस वर्ष के शुरू में 6,800 करोड़ रुपए की लागत से बालटाल तथा मिनारमार्ग के बीच एनएच-1 ए पर टू-लेन सुरंग के निर्माण, चालू करने तथा रखरखाव को मंजूरी दी थी। इस सुरंग के निर्माण से श्रीनगर, करगिल तथा लेह के बीच पूरे साल वाहन आ-जा सकेंगे। 14.15 किमी लंबी जोजिला सुरंग देश की सबसे बड़ी सड़क सुरंग तथा एशिया की सबसे बड़ी दो दिशाओं वाली सुरंग होगी।

गुमराह युवाओं के हर पत्थर और हथियार से कश्मीर अस्थिर होता है

प्रधानमंत्री ने श्रीनगर में कहा कि गुमराह युवाओं की ओर से उठाया गया प्रत्येक पत्थर और हथियार जम्मू-कश्मीर और देश को अस्थिर करता है। रमजान के महीने के दौरान आतंकवाद के खिलाफ अभियान रोकने की केंद्र की घोषणा का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि राज्य में विदेशी ताकतें सक्रिय हैं, जो जम्मू-कश्मीर का विकास नहीं चाहती। राज्य को इस अस्थिर माहौल से बाहर आना होगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य के लिए भारत और कश्मीर के विकास की मुख्यधारा में शामिल होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के पास राज्य के विकास मुद्दों को सुलझाने के लिए नीति, इरादा और निर्णय करने की क्षमता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह महीना पैगम्बर मोहम्मद की शिक्षाओं और संदेश को याद करने का है। उन्होंने कहा, ‘उनके जीवन से समानता और भाईचारे का पाठ देश को सही मायने में आगे ले जा सकता है।’

कश्मीरियत की बात करते हुए मोदी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी कश्मीरियत के प्रशंसक थे और मैं भी इसका प्रशंसक हूं। पाक अधिकृत कश्मीर के शरणार्थियों ने मोदी से बेहतर सुविधाओं की मांग की। उन्होंने मोदी को अपनी मांगों को लेकर एक ज्ञापन सौंपा।

-----------------

किशनगंगा बिजली परियोजना समर्पित की:

प्रधानमंत्री मोदी ने देश को 330 मेगावाट किशनगंगा बिजली परियोजना समर्पित की जिसका निर्माण कश्मीर के गुरेज क्षेत्र में हुआ है। मोदी ने श्रीनगर स्थित शेर-ए-कश्मीर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र (एसकेआईसीसी), श्रीनगर में श्रीनगर रिंग रोड की आधारशिला रखी। 42.1 किमी लंबी चार लेन वाली श्रीनगर रिंग रोड पश्चिम श्रीनगर स्थित गलांदर को बांदीपोरा जिले में सुंबल से जोड़ेगी।

--------------

प्रदर्शन करने पर निर्दलीय विधायक हिरासत में :

निर्दलीय विधायक शेख अब्दुल रशीद और अवामी इत्तिहाद पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री की यात्रा के विरोध में मार्च निकालने की कोशिश के दौरान हिरासत में लिया गया। मोदी की यात्रा को देखते हुए घाटी के साथ ही जम्मू में कड़ी सुरक्षा रही।

खबरें और भी हैं...