केरसई में मोबाइल टावर खराब, बिजली रही गुल
प्रखंड मुख्यालय में एकमात्र मोबाइल टावर पिछले 20 दिनों से खराब है। इधर विद्युत व्यवस्था भी चरमराई हुई है। नेटवर्क बाधित होने से लोगों की दिनचर्या अस्त-व्यस्त हो गई है। बताया गया कि एक सप्ताह पहले केरसई मुख्यालय में लगा एयरटेल कंपनी का टावर पूर्वी क्षेत्र को छोड़कर अन्य दिशाओं में काम नहीं कर रहा था। लोग एयरटेल टावर की पूर्व दिशा की ओर जाकर अपना काम किसी तरह निपटा रहे थे। लेकिन धीरे-धीरे अब पूर्व दिशा में भी नेटवर्क खत्म हो गया है। लोगों का कहना है कि अब कभी कभी अचानक नेटवर्क आता है फिर लंबे समय के लिए गायब हो जाता है। पुरानी केरसई निवासी दीपक कुमार और वीरेंद्र कुमार ने एयरटेल कंपनी के उच्च अधिकारी से शिकायत की थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इधर ग्रामीणों ने बताया कि प्रखंड में बिजली भी अनिश्चित है। पिछले दिनों सिमडेगा में अधिक बारिश और आंधी चलने के कारण काेचेडेगा महुआटोली के पास बिजली तार टूटकर गिर जाने की बात कहते हुए विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई थी। कई दिन गुजर जाने के बावजूद विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं की गई है। लोगों का कहना है कि इस संबंध में विद्युत विभाग के कर्मियों से पूछे जाने पर भी कोई साफ जवाब नहीं दिया जाता है। बिजली के नहीं रहने से स्थिति बेहद खराब हो गई है।