कैरू में शुरू होने जा रहे महिला महाविद्यालय में साइंस फैकल्टी शुरू करवाए जाने की मांग तेज हो गई है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि कैरू खंड सबसे अधिक पिछड़े इलाकों में से एक है। यहां के समुचित विकास और युवाओं को रोजगारोन्मुखी बनाने के लिए साइंस की शिक्षा जरूरी है। यहां आसपास के इलाके में कहीं भी साइंस की सुविधा नहीं है। ऐसे में लड़कियों के लिए साइंस पढ़ना सपने जैसा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लड़के तो दूर जाकर भी साइंस की शिक्षा ग्रहण कर लेते हैं लेकिन लड़कियों को मन मसोसकर रह जाना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि यहां के कॉलेज के में जो विषय शुरू करने की अनुमति दी गई है उनका विशेष महत्व नहीं है। मिली जानकारी अनुसार निरीक्षण के लिए बनी शिक्षा समिति की ओर से आर्ट्स फैकल्टी के लिए जिन विषयों की मांग व संस्तुति की गई थी वे विषय तो यहां पर दिए ही नहीं गए। कैरू के सरपंच कैलाश शर्मा ने बताया कि मैंने इस संबंध में कुछ दिन पहले ही राजकीय महाविद्यालय भिवानी के प्राचार्य से मुलाकात करके ये बातें उठाई थी।