मोदी-रमन जनता से झूठ बाेलते आए हैं : लखमा
कांग्रेस की विकास खोजो यात्रा मंगलवार की शाम केशकाल पहुंची। मोटरसाइकिल रैली निकाल कांग्रेसी सभास्थल बस स्टैंड पहुंचे जहां विधायकों का पार्टी पदाधिकारी व क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। कोंटा विधायक कवासी लखमा ने कहा कि राज्य सरकार के मुखिया व उनके मंत्री ऊपर से उड़कर आते है जबकि सड़क व ग्रामीण क्षेत्रों में क्या विकास हुआ उन्हें पता ही नहीं है। ग्रामीणों को क्या मालूम देश और राज्य में ऐसे दो राजनेता है जो झूठ बोलते हैं। पहले नंबर पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र माेदी और दूसरे डाॅ. रमन सिंह हैं। दोनों नेताओं की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है।
लखमा ने कहा कि इन दिनों तो लूट खसोट का सिलसिला चल रहा है। रायपुर को बृजमोहन अग्रवाल, बिलासपुर को अमर अग्रवाल व छत्तीसगढ़ को रमन सिंह लूट रहे हैं। भाजपा के लोग कांग्रेस पर परिवारवाद का आरोप लगाते हैं। भाजपा के नेता यह बताएं कि राजनांदगांव के सांसद अभिषेक सिंह रमन सिंह के क्या लगते हैं। सांसद दिनेश कश्यप, केदार कश्यप बलीराम कश्यप के क्या लगते हैं। आगे उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एयर कंडीशंड गाड़ी में बैठ विकास यात्रा कर रहे हैं जबकि हम सामान्य बस में अपनी यात्रा कर रहे हैं। इस दौरान कांग्रेसी नेताओं के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद थे।
केशकाल. नगर में कांग्रेसियों ने मोटरसाइकिल रैली निकाली।