समर्थन मूल्य पर मक्के की खरीदी नहीं, हो रहा नुकसान
केशकाल | राज्य सरकार किसानों के साथ छलावा कर रही है। किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य न देकर उनका आर्थिक शोषण किया जा रहा है। इसके चलते किसान कर्ज में डूबते जा रहे हैं। लैम्पस में समर्थन मूल्य पर मक्का नहीं लेने पर किसानों को नुकसान हो रहा है। मजबूरी में व्यापारियों को 800 रुपए प्रति क्विंटल की दर पर बेचना पड़ रहा है। यह बातें केशकाल के विधायक संतराम नेताम ने प्रेसवार्ता में कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार की कथनी एवं करनी में अंतर है। लैम्पस द्वारा मक्के की खरीदी नहीं किए जाने से किसानों को समर्थन मूल्य का लाभ नहीं मिल पा रहा है। सरकार किसानों की आय दोगुनी करने की घोषणा तो करती है, लेकिन इसके लिए कोई उपाय नहीं कर रही है।
रोजगार मेला 19 को
कोंडागांव | मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत प्रशिक्षित व प्रमाणीकृत युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने 19 अप्रैल को सुबह 11 बजे संयुक्त जिला कार्यालय रोजगार मेला लगेगा। मेले में बेरोजगार को विभिन्न कोर्स में प्रशिक्षण देने कांउसलिंग के साथ-साथ उद्यमिता विकास, लोन संबंधी जानकारी भी दी जाएगी।