पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • जरा कल्पना कीजिए। यदि आपके पास महंगा पेट है तथा

जरा कल्पना कीजिए। यदि आपके पास महंगा पेट है तथा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जरा कल्पना कीजिए। यदि आपके पास महंगा पेट है तथा यह गुम हो जाता या चुरा लिया जाता है और अपने सारे प्रयासों के बाद आप उसे खोज नहीं पाते तो आप क्या करते, कम से कम भारत में? हममें से ज्यादातर लोग कुछ हफ्तों की खोज के बाद हार मान जाएंगे। लेकिन दक्षिण अफ्रीका का मेरा एक मित्र हार मानने को तैयार नहीं था। उसने अमेरिका की एकमात्र रजिस्टर्ड पेट डिटेक्टिव मेलोडी पघ को कॉल किया और दक्षिण अफ्रीका की उड़ान भरने का अनुरोध किया। उनके लिए ऐसे अनुरोध नए नहीं हैं। 62 वर्षीय मेलोडी पघ सिएटल के पास ब्रेमर्टन में रहती हैं, जो खारे पाने की एक समुद्री नहर पोर्ट वॉशिंगटन नैरोज के कारण दो भौतिक क्षेत्रों में बंटा है। उन्हें मुख्य भूमि और वहां से एयरपोर्ट तक पहुंचने में बहुत वक्त लगता है। वे 18 घंटे की उड़ान में 10,268 नॉटिकल मील ( लगभग 17 हजार किमी) का फासला तय करके सिर्फ बिल्ली खोजने पहुंचीं और उन्हें मिल भी गई!

पघ का पालतू जानवरों को खोजने की जासूसी का कॅरिअर तब शुरू हुआ जब उसकी ग्रे टेबी कैट नॉर्मन गायब हो गई। वह 1998 में पशु चिकित्सालय के बाहर कार में से निकलकर भाग गई थी। वे पूरे दिन और रात उसे खोजती सही पर कोई फायदा नहीं हुआ। एक माह गुजर गया। उन्हें दूसरों के कई कुत्ते-बिल्ली मिले लेकिन, अपनी बिल्ली नहीं मिली। तब वे अमेरिकी नौसेना में सुरक्षा अधिकारी के बतौर काम कर रही थीं। उनके अधिकारियों ने उनकी अवैतनिक छुटि्टयां बढ़ाने से इनकार कर दिया। नॉर्मन को खोजने और पूरा वक्त उस खोज में लगाने के लिए उन्होंने नौकरी छोड़ने का फैसला कर लिया। अाखिरकार 95वें दिन वे अपनी बिल्ली खोजने में कामयाब हो गईं। लेकिन, तब तक उनकी नौकरी जा चुकी थी।

अपनी खोज के दौरान वे दर्जनों लोगों से मिलीं, जो अपने खोए हुए पालतू जानवरों को खोज रहे थे। उनमें से ज्यादातर हतोत्साहित हो जाते और नहीं जानते कि आगे कैसे बढ़ें। नॉर्मन की खोज में उन्होंने जो सीखा उसके आधार पर वे अखबारों के बीच खोए पेट को खोजने के लिए डाले जाने वाले ‘लॉस्ट पेट फ्लायर्स’ के लिए टिप्स और अपने पेट को खोजने के सुझाव देने लगीं। अंतत: पग ने 27 अौर खोेए पालतू जानवरों को खोजा और उनके पालने वालों के घर उन्हेें छोड़ आईं। जब पेट अपने पालने वाले परिवारों से मिलते तो जो खुशी मिलती उनसे न सिर्फ उनके जीवन में अविस्मरणीय क्षण पैदा हुए बल्कि इसने उनके लिए नए कॅरिअर की नींव भी रखी, जिसका नाम है ‘पेट डिटेक्टिव।’

उन 95 दिनों में उन्हें अहसास हुआ कि लोग चाहे किसी को धोखा दे दें या छोड़ दें पर जानवर ऐसा नहीं करते। अब वे अपने पति और बचाकर लाई गई सात बिल्लियों के साथ रहती हैं और अमेरिका की लाइसेंस प्राप्त एकमात्र पेट डिटेक्टिव हैं, जो किसी कुत्ते या बिल्ली की तरह सोचने में एक्सपर्ट हैं। अमेरिका में कई पेट डिटेक्टिव हैं लेकिन, पघ अपनी सुरक्षा एजेंसी की पृष्ठभूमि के कारण 2001 में वॉशिंगटन राज्य से निजी जांचकर्ता का लाइसेंस प्राप्त करने में कामयाब रहीं और इसलिए उन्हें स्पेशल माना जाता है। अमेरिका में हर साल करीब बीस लाख घरों में पालतू जानवरों की चोरी होती है और इन्हें या तो शोध प्रयोगशालाओं को बेच दिया जाता है या कुत्तों की लड़ाई वाले रिंग्स को, जो वहां खेल है। पघ अमेरिका के लगभग हर राज्य में हजारों कुत्तों और बिल्लियों को बचा चुकी हैं। जब वे किसी जानवर की खोज करती हैं तो उनके पंजों के निशान देखती हैं, उनके मल विसर्जन के संकेत और कांटेदार झाड़ियों में फंसे उनके बाल देखती हैं। वे जमीन से 18 इंच की ऊंचाई पर हाल में टूटे मकड़ियों के जाले भी देखती हैं, जो इस बात का संकेत होता है कि हाल ही में वहां से कोई जानवर गुजरा है। यदि आपका फरवाला ऐसा कोई दोस्त खो जाए अौर आपके पास इतना पैसा भी न हो कि पघ को बुला सकें तो आपको उनकी वेबसाइट पर सपोर्ट और खोजने की रणनीति मिलेगी-www.pet-detective.com.

फंडा यह है कि यदि आप में पघ की तरह किसी चीज के प्रति पागलपन भरा जुनून है तो कम से कम आपके लिए बिल्कुल अलग तरह का पेशा निर्मित होने के अवसर काफी अधिक हैं।

एन. रघुरामन

मैनेजमेंट गुरु

raghu@dbcorp.in

अल्टीमेट पैशन एकदम नया पेशा निर्मित करता है
मैनेजमेंट फंडा एन. रघुरामन की आवाज में मोबाइल पर सुनने के लिए टाइप करें FUNDA और SMS भेजें 9200001164 पर

खबरें और भी हैं...