तारीख लीक होने के मामले में चुनाव आयोग ने दी चेतावनी
नई दिल्ली | चुनाव आयोग की एक समिति ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव की तारीख लीक होने के मामले में शुक्रवार को रिपोर्ट सौंप दी। रिपोर्ट में उसने लीक की बात को खारिज किया है, लेकिन इस घटना से जुड़े पक्षों को भविष्य में ऐसा न करने की चेतावनी दी है। मुख्य चुनाव आयुक्त की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान 27 मार्च को कर्नाटक विधानसभा चुनाव की तारीख की घोषणा से ठीक पहले ट्विटर पर और न्यूज चैनलों पर तारीख लीक होने का मामला सामने आया था। इसकी जांच के लिए बनी चार सदस्यीय समिति का मानना है मीडिया पहले भी चुनाव की तारीखों को लेकर अनुमान व्यक्त करता रहा है। उसने एक न्यूज चैनल की इस दलील को स्वीकार कर लिया कि चैनल ने तारीख लीक नहीं की बल्कि इसका अनुमान लगाया था।