रोजगार सहायकों की एक बार फिर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू
रोजगार सहायकों की एक बार फिर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू
भास्कर संवाददाता | नागदा
नियमितीकरण व जिला कैडर में संविलियन की मांग को लेकर एक बार फिर पंचायत रोजगार सहायक सचिवों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। प्रदेश संगठन के आह्वान पर मंगलवार से रोजगार सहायकों ने काम बंद कर दिया। अचानक हड़ताल से ग्रामीण क्षेत्रों के विकास कार्यों पर ब्रेक लग जाएगा व ग्रामीणों को योजनाओं के लाभ लेने के लिए भटकना पड़ेगा।
प्रदेश कानूनी सलाहकार अशोक वर्मा ने बताया प्रदेशाध्यक्ष रोशनसिंह परमार के आह्वान पर अनिश्चितकालीन हड़ताल पूरे प्रदेश में शुरू की गई है। जिलाध्यक्ष शिव आंजना व ब्लॉक अध्यक्ष पवन अहिरवार के मार्गदर्शन में खाचरौद जपं की 130 पंचायतों के रोजगार सहायकों ने भी काम बंद कर दिया है। अब अनिश्चितकालीन हड़ताल नियमितीकरण व जिला कैडर में संविलियन की मांग पूरी होने पर ही खत्म होगी।
वर्मा के मुताबिक विगत चार-पांच माह पहले भी हड़ताल की गई थी, तब आश्वासन मिला था, लेकिन कार्रवाई कुछ नहीं हुई, इसलिए अब दोबारा हड़ताल करना पड़ रही है।
यह होगा असर
ग्राम रोजगार सहायकों की अनिश्चितकालीन हड़ताल का असर गांवों में नजर आएगा। यानी जनपद पंचायत के तहत आने वाली 130 पंचायतों के 218 गांव में होने वाले विकास कार्य रुक जाएंगे। हड़ताल से प्रमुख रूप से केंद्र सरकार की मनरेगा योजना के कार्य प्रभावित होंगे यानी मनरेगा में चल रहे निर्माण कार्य रुक जाएंगे तो मजदूरों को मजदूरी भी नहीं मिल पाएगी। इसके अलावा पीएम आवास योजना, भारत स्वच्छ मिशन, कल्याणी योजना, असंगठित श्रमिकों के पंजीयन के कार्य भी प्रभावित होंगे।