पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • एक हजार से अधिक कर्मचारी, समस्या निवारण के लिए आवेदन आए मात्र 49

एक हजार से अधिक कर्मचारी, समस्या निवारण के लिए आवेदन आए मात्र 49

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शिक्षा विभाग के आला अधिकारियों की लापरवाही और प्रचार-प्रसार के अभाव से शिक्षकों की समस्याओं को लेकर शुक्रवार को शासकीय उत्कृष्ट उमावि में आयोजित परिवेदना निवारण शिविर औपचारिक बनकर रह गया। स्थिति यह रही कि विकासखंड में कार्यरत शिक्षा विभाग के 1 हजार 210 कर्मचारियों में से मात्र 49 कर्मचारी ही अपनी समस्याओं के आवेदन दे पाए। जबकि शिविर में शिक्षा विभाग के अधीन सभी संस्थाओं के तृतीय, चतुर्थ वर्ग के शासकीय कर्मचारी, सहायक अध्यापक, अध्यापक, वरिष्ठ अध्यापक, सहायक शिक्षक, शिक्षक, व्याख्याता, प्राचार्य व अन्य विभागीय अमले को अपनी समस्याओं के लिए आवेदन करना था। शिक्षकों की समस्याओं का समाधान भी मौके पर ही किया जाना था, परंतु एक भी समस्या के आवेदन पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। केवल आवेदन लेकर औपचारिकता पूरी कर ली गई। गौरतलब है कि भास्कर ने पहले ही शिविर में शिक्षकों की संख्या कम होने की संभावना जता दी थी। वजह चिलचिलाती गर्मी और शिक्षकों के ग्रीष्मकालीन अवकाश में बाहर होना है। ऐसे में शिविर का आयोजन शिक्षा विभाग को एक बार पुन: शिक्षा सत्र की शुरुआत पर करना चाहिए, जिससे सभी शिक्षकगणों को इसका लाभ मिल सके।

9 साल से वेतनवृद्धि का इंतजार- एक शिक्षक ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि 9 साल से वह वेतनवृद्धि के लिए आवेदन दे रहा है। लेकिन शिविर में भी मात्र आवेदन लेकर इतिश्री कर ली जाती है। शिक्षक ने परिवार नियोजन के तहत आवेदन किया था। जिसके तहत उसे प्रतिमाह 150 रुपए व सालाना 1800 रुपए की वेतनवृद्धि मिलना था। लेकिन 9 साल से उसे यह वेतनवृद्धि दी ही नहीं गई है। मात्र आश्वासन के अलावा समस्या का निराकरण होता ही नहीं है।

शिक्षकों से समस्याओं के आवेदन लेते बीईओ सोलंकी। दूसरे चित्र में सोशल मीडिया पर टाईम पास करते शिविर में आए शिक्षकगण।

सोशल मीडिया पर किया टाइम पास

शिविर में नाम मात्र के ही शिक्षक व कर्मचारी मौजूद थे। दोपहर 1 बजे तक शिविर में 31 आवेदन ही आ पाए थे। यहां खाचरौद विकासखंड अंतर्गत सभी संकुलों के लिए अलग-अलग कक्षों की व्यवस्था की गई थी। जिसमें संकुल प्राचार्यों के अलावा केवल नाम मात्र के ही शिक्षक नजर आ रहे थे। नजारा यह रहा कि संकुल प्राचार्य को आवेदन देने के बाद शिक्षकगण कक्षाओं में ही बैठे रहे और सोशल मीडिया पर टाइम पास करते नजर आए।

शिविर में 49 आवेदन आए है। जिसमें वेतनमान, क्रमोन्नति आदि समस्याओं के आवेदन अधिक हैं। संकुल स्तर पर हल होने वाली समस्याओं को 22 से 24 मई तक निराकृत किया जाएगा। बाकी आवेदन वरिष्ठ कार्यालय भेज दिए जाएंगे। अर्जुनसिंह सोलंकी, बीईओ व शिविर नोडल अधिकारी, शिक्षा विभाग

खबरें और भी हैं...