विधायक ने 201 कन्याओं को बांटे पुरस्कार
कस्बे के किशनगढ़बास रोड स्थित झूलेलाल मंदिर में सोमवार को माता दुर्गा देवी की पुण्यतिथि पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भाजपा पुरुषार्थी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सेवक लालवानी ने बताया कि कार्यक्रम के तहत रविवार को श्री रामायण पाठ साहिब प्रारंभ किया गया। इसका समापन सोमवार को सुबह 10 बजे किया गया। 11 बजे झूलेलाल मंदिर में प्रेम प्रकाश आश्रम खैरथल के संत हरीश प्रेमप्रकाशी एवं झूलेलाल मंदिर के बाबा शीतलदास लालवानी के सान्निध्य में सत्संग का आयोजन किया गया। दोपहर 12 बजे कन्याभोज हुआ। दोपहर 1 बजे अटूट लंगर हुआ जिसमें लोगों ने प्रसादी ग्रहण की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रामगढ़ विधायक ज्ञानदेव आहूजा ने 201 कन्याओं को पुरस्कार प्रदान किए। इस मौके पर सुखदेव लालवानी, राजू आडतानी, लेखराज लालवानी, विष्णु लालवानी, भगवान बालानी, बाबू लालवानी आदि ने व्यवस्थाओं को बनाए रखा।
झूलेलाल मंदिर में कन्याओं को पुरस्कार वितरित करते अतिथि।