खैरथल| कस्बे के मुख्य बाजार स्थित कपिल फैंसी स्टोर में शनिवार रात्रि को आग लगने से करीब डेढ़ लाख रुपए का सामान व 10 हजार रुपए की नकदी जल गई। पीड़ित दुकानदार कपिल गुप्ता ने बताया कि शनिवार रात्रि करीब 10 बजे दुकान में अचानक आग लगने की सूचना लोगों ने फोन पर दी। कपिल ने तुरंत दुकान पहुंचकर दुकान से निकल रहे धुएं को देखते हुए खैरथल पुलिस व अग्निशमन केंद्र को सूचना दी। इसके बावजूद दमकल शीघ्र घटना स्थल पर नहीं पहुंची। इसके बाद दुकान का शटर खोलकर देखा तो दुकान में रखे सामान व फिटिंग जल रहे थे। दुकान में आग बुझाने के लिए आसपास के लोगों ने बाल्टियों से पानी भरकर आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना के आधे घंटे के बाद दमकल मौके पर पहुंची तब तक काफी सामान जल चुका था। दमकल के देरी से पहुंचने को लेकर व्यापारियों ने रोष जताया। दमकल कर्मियों ने आग को काबू किया। दुकानदार ने सभी व्यापारियों के सहयोग से जले हुए सामान को बाहर निकाला।
खैरथल. दुकान में जली नकदी।