बीते दिनों युवा मोर्चा के चलो पंचायत की ओर कार्यक्रम में शामिल होने खजवा आए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित अन्य नेताओं की मौजूदगी में राष्ट्रगान की प्रस्तुत के समय तिरंगा की जगह भाजपा का ध्वज फहराया गया था। पहले इस मामले में आमआदमी पार्टी ने मुख्यमंत्री सहित अन्य भाजपाइयों पर मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी, ज्ञापन सौंपा था। अब राजनगर विधायक विक्रम सिंह नातीराजा ने इस मुद्दे पर मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने शुक्रवार को अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ प्रदर्शन किया और तहसीलदार राजनगर को ज्ञापन सौंप कर राष्ट्रगान का अपमान करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इस मामले में दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो 27 मई को वृहद आंदोलन किया जाएगा। तहसीलदार वेद प्रकाश सिंह ने इस मामले में जांच करा कर उचित कार्रवाई करने की बात कही।