चक छह पीएचएम में शनिवार को हुई थी मां व दो बेटी की डूबने से मौत
भास्कर न्यूज | खाजूवाला
चक छह पीएचएम में खेत की ढाणी में बनी पानी की डिग्गी में डूबने से महिला व उसकी दो बेटियों की मौत का मामला रविवार को हत्या में तब्दिल हो गया। मृतक मां के पिता पंजाब के फाजिल्लका निवासी राजपाल बिश्नोई निवासी ने ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करवाया है।
सीओ इस्माईल खान ने बताया कि रविवार को मृतक महिला कमला देवी के पीहर पक्ष के लोग सीएचसी पहुंचे। वे पोस्टमार्टम से पहले हत्या का मामला दर्ज करने की बात पर अड़ गए। इस पर उन्हें समझाकर पहले पोस्टमार्टम करवाया इसके बाद मृतक मां के पिता राजपाल बिश्नोई के कहने पर मुकदमा दर्ज किया।पिता ने आरोप लगाया कि उसकी बेटी की शादी 20 साल पहले हुई। इस दौरान उसके छह बेटियां व एक बेटा हुआ। इसी कारण उसका प्रति इंद्राज उर्फ भंवर लाल बिश्नोई, ससुर संताराम, सास चावली देवी, जेठ रामेश्वर लाल, जेठानी रोशनी देवी व ननद निहाली देवी दहेज के लिए उसे परेशान करने लगे। उसके जेठ व जेठानी के कोई संतान नहीं थी इस कारण वे कमला के सात साल के इकलौते बेटे को गोद देने का दबाव भी बना रहे थे। उसकी बेटी ने ऐसा करने से मना किया तो उसके साथ रंजिश रखने लगे। शनिवार को सूचना मिली की उसकी बेटी व दो नातिनों की डिग्गी में डूबने से मौत हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि कमला के ससुराल वालों ने उन्हें जानबूझकर डिग्गी में धक्का देकर गिरा दिया जिससे कमला के साथ ही उसकी बेटियां पूजा व प्रभा भी डूबकर मर गई।