महिलाओं ने पानी के लिए फिल्टर प्लांट का घेराव किया, दी चेतावनी
हुटाप पंचायत के कृतधौड़ा की दर्जनों महिलाओं ने फिल्टर प्लांट से पेयजल आपूर्ति कराने की मांग को लेकर मुखिया आशा देवी के नेतृत्व में महावीर नगर में बने फिल्टर प्लांट का घेराव किया। मुखिया ने बताया कि कृतधौड़ा में 250 घर है और यहां पेयजल के साथ ही दैनिक काम के लिए भी पानी उपलब्ध नहीं है। महिलाओं ने बताया कि धौड़ा में चार चापानल है, जिसमें से तीन चापानल खराब पड़े हैं। पूरे बस्ती के लोगों को एक ही चापानल के सहारे रहना पड़ रहा है। इसके साथ ही बस्ती में दो कुआं भी है, जिसमें पानी काफी नीचे चला गया और वे भी सूखने के कगार पर है, जिससे उनको भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
घेराव के बाद ग्रामीण महिलाओं ने पेयजल व स्वच्छता विभाग के कनीय अभियंता के नाम से एक ज्ञापन फिल्टर प्लांट के कनीय अभियंता धर्मेंद्र कुमार को सौंपते हुए 19 मई तक का समय देते हुए चेतावनी दिया कि 19 मई तक उनकी बस्ती में पाइप लाइन द्वारा कृतधौड़ा में पेयजल उपलब्ध नहीं कराया गया तो इसके बाद महिलाएं फिल्टर प्लांट को बंद कराकर आंदोलन करने का काम करेंगी। फिल्टर प्लांट का घेराव करने में मुख्य रूप से मुखिया आशा देवी के अलावा वार्ड सदस्य किरण देवी, विमला देवी, शारदा देवी, किरण बोदरा, अनिता देवी, रेणु देवी, राजो देवी, लक्ष्मी देवी, रंजना एक्का, गंगा देवी, चिंतामनी देवी, सुविदा देवी, बिगनी देवी, पूनम देवी, सुमिता देवी, ललिता देवी, कालो देवी सहित अन्य महिलाएं शामिल थीं।
आईएसओ की टीम ने प्राइवेट मजदूरों को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी
खलारी | आईएसओ की टीम ने बुधवार को पुरनाडीह परियोजना में कार्यशाला आयोजित कर प्राइवेट मजदूरों को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी। टीम के अशोक कुमार ओझा ने परियोजना में कार्यरत प्राइवेट मजदूरों को सुरक्षित तरीके से काम करने की जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी क्षेत्र में काम करने के दौरान सुरक्षा का पूरा ख्याल रखना चाहिए। साथ ही उसे हमेशा याद भी रखना चाहिए। मौके पर उन्होंने डंपर चालक, पेलोडर ऑपरेटर से काम करने के दौरान अपनाई जाने वाली सुरक्षा संबंधी जानकारी ली और कई आवश्यक सुझाव देते हुए कहा कि अपनी सुरक्षा स्वयं सुनिश्चित करे। उन्होंने पुरनाडीह प्रबंधन से कहा कि संगठित व असंगठित सभी कामगारों के लिए परियोजना में शौचालय व पेयजल की व्यवस्था कार्यस्थल पर ही करे यह भी सुरक्षा का एक पार्ट है। इसके अलावा पानी, रेस्ट सेल्टर, सड़क आदि को ठीक किया जाए। कार्य के दौरान सुरक्षा के नियमों का पालन करे। अशोक ओझा ने बताया कि सुरक्षा के बारे में सभी जानते हैं, लेकिन इसे हमेशा अपने जीवन में उतारने की जरूरत है तभी हम होने वाले दुर्घटना को रोक सकते हैं। उन्होंने बताया कि गाड़ी स्टार्ट करने से पहले गाड़ी की लाइट व हॉर्न हमेशा चेक करते रहे। इस अवसर पर आईएसओ टीम के अशोक कुमार ओझा, टी पात्रों, मनीष मोहन व परियोजना के मैनेजर एसए खान, डीके प्रसाद, डीजे डेनियल, काजल पॉल, एके सिन्हा, वीके राणा, सुमन गुप्ता, राघो चौबे, जयकांत सिंह, भोला सिंह सहित काफी संख्या में चालक व ऑपरेटर उपस्थित थे।