घटिया सड़क निर्माण रोका, ग्रामीण बोले- इससे अच्छी तो पंचायत बना देती
आदिवासी गांवों को मुख्य मार्ग से जोड़ने के लिए गांव-गांव सड़क निर्माण कराए जा रहे हैं। मंत्री विजय शाह ने सांवलीखेड़ा से अंबाड़ा तक 30 किमी सीसी रोड स्वीकृत कराया। निर्माण का ठेका बैतूल की आएसके कंपनी को दिया गया है। कंपनी ने सांवलीखेड़ा से सड़क निर्माण प्रारंभ किया है। घटिया निर्माण छिपाने के लिए रात व सुबह-सुबह काम किया जा रहा है। शुक्रवार सुबह डस्ट व मिट्टी मिली गिट्टी पर एक सेमी सीमेंट का पलस्तर देख ग्रामीण भड़क गए। उन्होंने निर्माण का विरोध किया तो ठेकेदार के इंजीनियर ने कहा लोनिवि सब इंजीनियर को सब पता है। उनसे बात कर लो। उनके कहे अनुसार ही काम कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है इससे अच्छी सड़क तो पंचायत ही बना देती है।
सांवलीखेड़ा में शुक्रवार सुबह 6.30 बजे गांव के मनीष राठौड़ व भुप्पी शर्मा रोड के पास से निकल रहे थे। निर्माण देखकर ठिठक गए। अन्य ग्रामीणों को बुलाया। ठेकेदार के मजदूर मिट्टी वाली रेत व डस्ट बिछा उस पर सीमेंट का मात्र एक सेमी ऊंचा पलस्तर कर रहे थे। घटिया निर्माण को लेकर विरोध जताया को ठेकेदार आरएसके के इंजीनियर राजेश पाल तैश में आ गए। उन्होंने कहा लोनिवि इंजीनियर गणेश महाजन को सब पता है। कैसा निर्माण चल रहा है। उनसे ही बात कर लो तो बेहतर है। पाल की इस धमकी से ग्रामीणों में आक्रोश है।
खालवा. सांवलीखेड़ा के पास ठेकेदार द्वारा गिट्टी व डस्ट बिछाकर मात्र 1 सेमी की सीमेंट परत डाली जा रही है।
सेठ का नंबर ले लो
काम शुरू किए दो दिन ही तो हुए हैं। जैसा काम चल रहा है चलने दो। आप सेठ का नंबर ले लो और बात कर लो। पूरा मैनेजमेंट वही कर रहे हैं। मैं क्या कह सकता हूं। गणेश महाजन, उपयंत्री लोनिवि
दोबारा निर्माण करा देंगे
अगर कार्य में गुणवत्ता नहीं है तो उतना निर्माण खुदवाकर दोबारा करवा देंगे। कोई बड़ी बात नहीं है। मिथलेश निभोती, कार्य यंत्री लोनिवि खंडवा
और इधर, गड्ढों से पटी रामपुरा-गरणगांव सड़क
खारकला | पंधाना ब्लाक के ग्राम रामपुरा से खंडवा ब्लाक के गरणगांव तक की दूरी 4 किमी है। दोनों गांवों के बीच 2008-09 में सड़क का निर्माण किया गया था। गांव के वीरेंद्र राठौर ने बताया कुछ माह बाद ही सड़क में गड्ढे होना शुरू हो गए थे। अब स्थिति यह है कि गड्ढों में सड़क ढूंढना पड़ रहा है। दोपहिया-चार पहिया वाहन भी नहीं चल पा रहे हैं। इस संबंध में लोनिवि सब इंजीनियर से बात की गई तो उन्होंने कहा यह रोड प्रधानमंत्री सड़क योजना विभाग का है। वही इसे बनाएगा।