लापरवाही से प्रसूता की सीएचसी के बाहर स्ट्रेचर पर हो गई डिलिवरी, पति ने की शिकायत
खमनोर | खमनोर सीएचसी में प्रसूता की डिलिवरी कराने में ड्यूटी पर लगे स्टॉफ का मामला सामने आया है। प्रसूता के पति ने सीएचसी चिकित्सा प्रभारी से मामले की शिकायत में गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि शुक्रवार रात प्रसूता को सामान्य होने के बाद भी रेफर कर दिया। परिजन उसे गाड़ी में बैठाने बाहर लाए तो वह बेहोश होकर गिर पड़ी। उसे फिर अंदर ले जाने के लिए स्ट्रेचर पर लेटाया तो वहीं डिलिवरी हो गई। परिजन ही असहज हालत में नवजात बेटी और मां को स्ट्रेचर पर लेबर रूम तक ले गए। इस पर अधिकारियों ने जांच कर लापरवाह के खिलाफ कार्रवाई की बात कही। मलीदा निवासी दिनेश सुथार ने सीएचसी के चिकित्सा प्रभारी डाॅ. जीवनप्रकाश सेमलावत को शिकायत में बताया कि शुक्रवार शाम करीब 6 बजे अपनी प|ी को प्रसव पीड़ा होने पर खमनोर सीएचसी लेकर आया। अस्पताल में मौजूद प्रभारी ने प्रसूता की जांच की और वार्ड में भर्ती कराने को कहा। प्रसूता को वार्ड में शिफ्ट किया। शाम 7 बजे प्रसूता को प्रसव पीड़ा होने पर पति और सास ने महिला नर्सिंगकर्मी मीना सांसी को बताया। पति का आरोप है कि नर्स ने बिना देखे ही प्रसूता को जनरल हॉस्पिटल में ले जाने की सलाह दे दी। इस पर रात 10 बजे चलाकर बाहर लाए और गाड़ी में बिठाने लगे, तभी प्रसूता बेहोश हो गई। इस पर स्ट्रेचर से प्रसूता को सीएचसी वार्ड में ले जाने लगे, तभी प्रसूता की डिलिवरी हो गई। इस पर पति ने चिकित्सा प्रभारी को शिकायत की। प्रभारी ने कहा कि शिकायत मिली है। आउटडोर में प्रसूता को मैने चैक किया था, वह नार्मल थी। फिर रात में जो कुछ भी हुआ, उसकी मुझे दूसरे दिन सुबह जानकारी मिली। सोमवार को जांच बिठाएंगे, जो सच्चाई सामने आएगी उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।