माली समाज के पंचों ने लिया मृत्यु भोज बंद करने का निर्णय
छाण. अल्लापुर गांव में माली समाज की बैठक में उपस्थित लोग।
छाण| खंडार तहसील क्षेत्र के माली समाज के प्रत्येक गांव से मृत्यु भोज जैसी सामाजिक बुराई को मिटाने के लिए माली समाज तहसील कार्यकारिणी द्वारा शनिवार को अल्लापुर में बगीची वाले हनुमान मंदिर परिसर में माली समाज की बैठक भाजपा छाण मंडल अध्यक्ष लटूरलाल सैनी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में माली समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने संबंधी कई निर्णय समाज के लोगों के द्वारा लिए गए।
सर्वप्रथम तीये की बैठक में बनने वाले भोजन को बंद करने, शोक संदेश के कार्ड नहीं छपवाने, तीये की बैठक का समय दोपहर बाद रखने एवं मृत्यु भोज को बंद करने का निर्णय लिया गया। निर्णयों का पालन करवाने के लिए 13 सदस्यीय निगरानी कमेटी का गठन किया गया। वहीं नियमों को उल्लंघन करने वालों पर 21000 रुपए का आर्थिक दंड प्रावधान रखा गया। इस दौरान समाज में व्याप्त बुराइयों को दूर करने पर जोर दिया गया। बैठक में माली समाज तहसील अध्यक्ष हुकमचंद सैनी, महामंत्री हनुमान प्रसाद सैनी, जल उपभोक्ता संगम अध्यक्ष रामकुंवार सैनी, तहसील सलाहकार समिति सदस्य रामकिशोर सैनी, रामहरी सैनी, रामभरोस सैनी, केदार सैनी, बाबूलाल सैनी सहित कई लोग थे।