सुखवास माली समाज के पंचों ने लिया मृत्यु भोज बंद करने का निर्णय
छाण. सुखवास गांव में भोमिया जी मंदिर परिसर में आयोजित माली समाज की बैठक में उपस्थित समाज के लोग।
छाण| सुखवास गांव में स्थित भोमिया जी मंदिर परिसर में रविवार को माली समाज की बैठक कन्हैया लाल सैनी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में माली समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने संबंधी कई निर्णय समाज के लोगों के द्वारा लिए गए है। सर्वप्रथम तीये की बैठक में बनने वाले भोजन को बंद करने, शोक संदेश के कार्ड नहीं छपवाने, तीये की बैठक का समय दोपहर बाद रखने एवं मृत्यु भोज को बंद करने का निर्णय लिया गया। निर्णयों का पालन करवाने के लिए 11 सदस्यीय निगरानी कमेटी का गठन किया गया। वहीं नियमों को उल्लंघन करने वालों पर 21 हजार रुपए का आर्थिक दंड लेने का प्रावधान रखा गया। इस दौरान माली समाज तहसील अध्यक्ष हुकमचंद सैनी, महामंत्री हनुमान प्रसाद सैनी, जल उपभोक्ता संगम अध्यक्ष रामकुंवार सैनी, तहसील सलाहकार समिति सदस्य रामकिशोर सैनी, भाजपा मंडल अध्यक्ष लटूर लाल सैनी, भाजपा खंडार ओबीसी प्रकोष्ठ अध्यक्ष मुकेश सैनी आदि मौजूद थे।