खंडेला| अग्रवाल धर्मशाला में सोमवार को आगामी चुनावों को लेकर बूथ लेवल के माकपा कार्यकर्ताओं की बैठक का आयोजन पांच सदस्य अध्यक्ष मंडल के नेतृत्व में किया गया। का. अमराराम ने कहा कि माकपा हमेशा किसान मजदूर व गरीब की हिमायती रही है और उसकी लड़ाई लड़ी है। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश को कम्पनियों के हवाले कर दिया। पहले पेट्रोल के दाम चार-छह महीने में बढ़ते थे तो हम विरोध करते थे, लेकिन आज कंपनियां ही पेट्रोल डीजल के दाम रोज तय करती हैं। चिकित्सा, शिक्षा, व्यापार, खेती को कंपनियों के हवाले कर दिया। कार्यकर्ता एकजुट होकर आगामी चुनावों के लिए कमर कस लंे। का. सुभाष नेहरा ने कहा कि जैसलमेर में रेतीले टीलों के मध्य से नहर पहुंच गई, लेकिन खंडेला क्षेत्र में लोगों को पीने का पानी नहीं मिल रहा है। आगामी छह जून को पीने के पानी के लिए उपखंड कार्यालय का घेराव कर धरना दिया जाएगा। इसलिए समय आ गया है कि हर बूथ स्तर पर 10 कार्यकर्ताओं की टीम बनाकर प्रत्येक मतदाता से रूबरू हो। किसान सभा के प्रदेशाध्यक्ष पेमाराम, केन्द्रीय नेता प्रोफेसर वासुदेव शर्मा, जिला सचिव किशन पारीक, तहसील सचिव राजेन्द्र जाखड़, महिला समिति जिला अध्यक्ष तारा धायल, सागरमल धायल, मालीराम वर्मा, गोपाल बाजिया, भूदाराम,अर्जुन सैनी, फूलचंद सैनी सहित खंडेला विधानसभा क्षेत्र की 208 बूथ लेवल के 456 माकपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
खंडेला. सभा के दौरान संबोधित करते का. अमराराम।