ट्रक-पिकअप की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत, दो घायल
पलसाना | पुलिस थाना रानोली के अंतर्गत राजमार्ग 52 पर ट्रक व पिकअप की टक्कर से एक जने की मौत हो गई। वहीं दो जने घायल हो गए। पुलिस थाना रानोली के सहायक उपनिरीक्षक छगनसिंह ने बताया कि जयपुर से बीकानेर की ओर जा रहे ट्रक व पिकअप की टक्कर में एक जने की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि सीकर की ओर से आ रही पिकअप राजमार्ग पर गाय को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराती हुई दूसरी रोड पर चली गई। इससे जयपुर से बीकानेर कुरकुरे लेकर जा रहे ट्रक की टक्कर से दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसमें पिकअप सवार महेंद्र गुर्जर निवासी सांगरवा की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर शव को श्री कल्याण अस्पताल सीकर में रखवाया है। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।
पिकअप व कार की भिड़ंत में दो लोग घायल
खंडेला | पलसाना रोड पर संतोषी माता के मंदिर के पास पिकअप व कार की टक्कर से मारुति कार में सवार दो जने गंभीर घायल हो गए। घायलों को 108 की सहायता से राजकीय चिकित्सालय में लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर दोनों को जयपुर रैफर कर दिया गया।
एचसी बनवारीलाल ने बताया कि पलसाना की ओर से आ रही कार व खंडेला की तरफ से जा रही पिकअप में भिड़ंत होने से होने से कार सवार जयपुर निवासी दिलशाद (20) पुत्र सलीम, आदिल (19) पुत्र अजीज व पिकअप चालक रमेश निवासी खीचड़ों की ढाणी रानोली घायल हो गए। दिलशाद व आदिल की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जयपुर रैफर कर दिया। टक्कर से पिकअप में भरी सरसों की बोरिया सड़क पर गिर गई। इससे रास्ता जाम हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रास्ता खुलवाया।
खंडेला. हादसे में क्षतिग्रस्त पिकअप व कार।