पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • सीएचसी भवन के लिए हुए भूमि पूजन में विधायक डोटासरा को नहीं बुलाया, अधिकारी भी रहे बेखबर

सीएचसी भवन के लिए हुए भूमि पूजन में विधायक डोटासरा को नहीं बुलाया, अधिकारी भी रहे बेखबर

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शुक्रवार को क्षेत्र के जाजोद ग्राम पंचायत मुख्यालय पर स्वीकृत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के नवीन भवन के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम विवादों की भेंट चढ़ गया।

चिकित्सा विभाग के इस आयोजन के बारे में महकमे के अधिकारियों तक को कार्यक्रम की सूचना नहीं दी गई। कार्यक्रम के दौरान जहां सरकारी नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाई गई, वहीं सत्तारूढ़ भाजपा की अंदरूनी कलह भी खुलकर सामने आ गई। आयोजन में सांसद सुमेधानंद, वरिष्ठ नेता प्रेमसिंह बाजौर, हरिराम रणवां सहित अन्य नेतागण उपस्थित रहे, लेकिन महकमे के मंत्री एवं खंडेला विधायक बंशीधर बाजिया व जिलाध्यक्ष सिंघानिया की अनुपस्थिति चर्चा का विषय रही और तो और तुरत फुरत में किए गए समारोह के अंतर्गत भूमि पूजन दूसरी जगह तथा मंचीय कार्यक्रम करीब आधा किलोमीटर दूर सरकारी स्कूल में किया गया। कार्यक्रम में सांसद सुमेधानंद सरस्वती, सैनिक कल्याण बोर्ड अध्यक्ष प्रेमसिंह बाजौर, पूर्व विधायक दिलसुख चौधरी, पूर्व विधायक केडी बाबर, युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री मनोज बाटड़, पूर्व प्रधान डालूराम चाहर, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष विजयपाल बगडिय़ा, गजेंद्र सिंह, इंदिरा चौधरी, सरपंच हरिप्रसाद आदि मंचस्थ रहे। सांसद सुमेधानंद सरस्वती ने 10 लाख रुपए ग्राम पंचायत के विकास के लिए तथा जाजोद ग्राम में चार हाईमास्ट लाइटें लगवाने की घोषणा की। संचालन रामचन्द्र सिंह खीचड़ ने किया, जबकि भंवरसिंह रणवां ने आभार व्यक्त किया।

आयोजन को लेकर क्षेत्रीय विधायक गोविंदसिंह डोटासरा ने तीखी प्रतिक्रिया करते हुए कहा कि भाजपा नेताओं ने अपनी ही सरकार द्वारा जारी आदेशों की सरेआम धज्जियां उड़ाई है। उन्होंने कहा कि सरकार ने इसी साल छह मार्च को आदेश जारी किया था, जिसमें किसी भी सरकारी आयोजन, उद‌्घाटन, शुभारंभ सहित अन्य कार्यक्रमों में संबंधित क्षेत्र के सांसद, विधायक, जिला प्रमुख, प्रधान, सरपंच, सभापति सहित अन्य निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को आवश्यक रूप से आमंत्रित करने के दिशा निर्देश हैं, लेकिन आज के कार्यक्रम में भाजपा नेताओं ने सरकार के निर्देशों एवं नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाई है। उन्होंने कहा कि जाजोद की यह सीएचसी व इससे पूर्व पीएचसी कांग्रेस सरकार के समय स्वीकृत हुई थी। भाजपा नेताओं ने साढ़े चार साल में एक भी पीएचसी स्वीकृत नहीं करवाई। डोटासरा ने कहा कि अगर यह सरकारी कार्यक्रम था तो विभाग के मंत्री, प्रभारी मंत्री एवं महकमे का कोई भी अधिकारी मौजूद क्यों नहीं था व किस हैसियत से इन्होंने शिलान्यास का पत्थर लगवा दिया। इसे लेकर उच्चाधिकारियों एवं सरकार को शिकायत की जाएगी। मुझे न तो निमंत्रण तक नहीं दिया गया। आयोजन को लेकर ब्लॉक सीएमओ डॉ. विनोद थालोड़ ने अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि उन्हें कार्यक्रम के संबंध में जानकारी नहींं है। उन्होंने कहा कि यह विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम नहीं था। मुझे तो सूचना एवं निमंत्रण तक नहीं था।

लक्ष्मणगढ. जाजोद में सीएचसी के शिलान्यास समारोह में मौजूद सांसद व अन्य ।

खबरें और भी हैं...