8 दिन में गड्ढे नहीं भरे तो अब अदालत में जाएंगे वकील
शहर की सड़कों के गड्ढे भरवाने के लिए प्रयासरत अधिवक्ताओं ने मंगलवार को फिर सड़कें ठीक कराने के लिए कलेक्टर को पत्र दिया। अधिवक्ता अभिषेक मालाकार द्वारा दिए इस पत्र में बताया कि शहर की सड़कों पर रेलवे आेवर ब्रिज पर बने गड्ढे भरने के लिए आवेदन दिया था। लोक निर्माण विभाग व नगर निगम ने कोई कार्रवाई नहीं की है। गड्ढे लगातार बढ़ रहे हैं। इस कारण दुर्घटनाएं हो रही हैं। ऐसी ही एक दुर्घटना में अधिवक्ता इमराना कुरैशी की मौत भी हो चुकी है। बावजूद इसके जिम्मेदार विभागों के अफसरों ने कोई कार्रवाई नहीं की है। अधिवक्ताओं ने अफसरों काे ध्यान दिलाने के लिए बेशरम के पौधे रोपने का अभियान भी चलाया था। अधिवक्ता मालाकार ने गड्ढे भरवाने के लिए जरूरी आदेश देने का आग्रह कलेक्टर से किया है। अधिवक्ता देवेंद्र यादव ने बताया कि प्रशासन को 8 दिन का समय दिया है। इसके बाद भी यदि कोई कार्रवाई नहीं होती है तो प्रकरण को न्यायालय में ले जाएंगे। वहां सभी जिम्मेदारों को हाजिर होकर जवाब देना होगा।
मुंबई टॉप थर्टी स्कूल नहीं दे रहा शिक्षकों की सैलरी, कलेक्टर ने कहा एफआईआर कराओ
खंडवा | शहर में शिक्षा विभाग के अफसरों की शह पर सरेआम फर्जीवाड़ा करने वाले मुंबई टाप थर्टी के खिलाफ एफआईआर कराने के निर्देश कलेक्टर दिए। इस स्कूल की महिला शिक्षक सहित अन्य कर्मचारियों द्वारा मंगलवार को जनसुनवाई में की गई शिकायत के बाद कलेक्टर ने यह निर्देश दिए। स्कूल के करीब 6 कर्मचारी जनसुनवाई में स्कूल की शिकायत करने गए थे।
शिक्षकों ने कलेक्टर अभिषेक सिंह को बताया कि मुंबई टॉप थर्टी स्कूल संचालक प्रवीण कुमार पाठक सैलरी नहीं दे रहा है। इन शिक्षकों ने बताया कि स्कूल में करीब 20 लोगों का स्टाफ है। इन सभी को 3-4 महीने से सैलरी नहीं दी गई है। इस कारण उनकी आर्थिक स्थिति दिन ब दिन खराब हाे रही है। इन्होंने बताया कि संचालक प्रवीण पाठक ने कुछ कर्मचारियों के लिए चेक दिए, लेकिन वे बाउंस हो गए। कलेक्टर ने इन कर्मचारियों से कहा कि 7 दिन में यदि सैलरी नहीं मिलती है तो एफआईआर कराओ।
स्कूल के कर्मचारी डीईओ से शिकायत करते हुए।