ट्रेनों के सुचारू संचालन के लिए आयुक्त आरपीएफ को मिली सिक्युरिटी शील्ड
खंडवा | यात्री सुरक्षा एवं ट्रेनों के सुचारू संचालन पर सेंट्रल रेलवे मुख्यालय ने भुसावल मंडल को सम्मानित किया। नागपुर में आयोजित 63वें रेल सप्ताह एवं आंचलिक समारोह में महाप्रबंधक मध्य रेल डीके शर्मा ने सिक्युरिटी शील्ड-2017-18 आरपीएफ के वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त अजय प्रकाश दुबे को प्रदान किया। सेंट्रल रेलवे की भुसावल मंडल में मप्र की सीमा में अंतिम स्टेशन खंडवा तक यात्री सुरक्षा के लिए आरपीएफ सदैव तत्पर रहा। आरपीएफ टीआई आरएस गुर्जर ने बताया 2005 में मंडल को सिक्युरिटी शील्ड मिली थी। सेंट्रल रेलवे में मुंबई, नागपुर, पुणे, सोलापुर एवं भुसावल रेल मंडल है। भुसावल रेल मंडल ने यात्री सुरक्षा एवं ट्रेनों के सुचारू रूप से संचालन में सबसे ज्यादा अंक हासिल किए। यात्री सहायता विशेष अभियान में 2016 में जहां 47 मामले बनाए थे, वहीं 2017 में 149 प्रकरण बनाए। ऑपरेशन मुस्कान में 117 के मुकाबले 215 बच्चों को परिवार से मिलाया। यात्री सुरक्षा के तहत 69 की जगह 246 अपराधियों को पकड़ा। समय पालन विशेष अभियान में 3862 में कमी लाते हुए 2646 प्रकरण बनाए। मंगलवार को आरपीएफ ने स्टेशन एवं ट्रेनों में जांच कर 7 अवैध वेंडर्स पकड़े। इसके साथ ही दो लोगों को लाइन क्रास, धूम्रपान के 4 और काशी एक्सप्रेस के विकलांग कोच में सफर करने पर एक यात्री पर प्रकरण बनाया। आरपीएफ ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें जुर्माना लगाकर छोड़ दिया गया।