खंडवा | प्रभारी मंत्री पारस जैन और नवागत कलेक्टर विशेष गढ़पाले ने रात 9 बजे नागचून पार्क का भ्रमण किया। यहां गार्डन में लगे अटल सरोवर के बोर्ड को देखकर मंत्री ने पूछा ये क्या है? महापौर ने कहा गार्डन की इस जगह को अटल सरोवर कहा जाता है। इस पर मंत्री ने कहा अब इसे अटल सरोवर ही बोलना, नागचून नहीं। भ्रमण के बाद कलेक्टर गढ़पाले ने महापौर कोठारी से अटल सरोवर के विकसित पार्क की जानकारी ली। कलेक्टर गढ़पाले ने कहा ऐसा उद्यान तो भोपाल में भी नहीं है। उद्यान के पास काफी जगह है। इस मौके पर खंडवा विधानसभा प्रभारी पन्नालाल जैन, जिलाध्यक्ष हरीश कोटवाले, नंदन करोड़ी, संदेश गुप्ता, सुधांशु जैन, शिशोर जैन, आयुक्त जेजे जोशी, निगम के कार्यपालन यंत्री ईश्वरसिंह चंदेली सहित अनेक भाजपा नेता उपस्थित रहे।