मप्र उच्च न्यायालय से संबद्ध प्रदेश के सभी जिला, तहसील, खंडपीठ ग्वालियर और इंदौर में शुक्रवार को न्यायिक कार्य का अंतिम दिन रहा। शनिवार और रविवार को अवकाश के बाद 21 मई से पूरे प्रदेश में समर वेकेशन शुरू होगा। इस दौरान एक महीने तक सिविल कोर्ट का अवकाश रहेगा। सिर्फ क्रिमिनल कोर्ट चालू रहेगी। शुक्रवार को क्लोजिंग डे पर जिला अधिवक्ता संघ ने चाट पार्टी रखी। इसमें सभी न्यायाधीश और अधिवक्ता शामिल हुए।
मुख्य अतिथि जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजय शुक्ला आैर विशेष न्यायाधीश सुरेंद्र श्रीवास्तव ने दादाजी धूनीवाले के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। वरिष्ठ अधिवक्ता पीसी जैन के प्रयासों से हरसूद के समाजसेवी जैनेंद्र जैन द्वारा न्यायालय परिसर में लगवाए गए चार सीसीटीवी कैमरों का शुभारंभ जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने किया। जैनेंद्र जैन के भाई मणीलाल सांड का फूलमाला से सम्मान भी किया। संघ के सचिव याेगेश गुप्ता ने बताया अतिथियों का स्वागत अधिवक्ता संघ अध्यक्ष मोहन गंगराड़े, शासकीय अधिवक्ता बाबूलाल मंडलोई, अतिरिक्त शासकीय अधिवक्ता रामसेवक वर्मा ने किया। अधिवक्ता निशांत अंजुम ने गीत की प्रस्तुति दी।
समर वेकेशन
जिला न्यायालय में शुक्रवार को क्लोजिंग डे को उत्सव के रूप में मनाया, हुई चाट पार्टी
जैनेंद्र जैन के भाई मणीलाल सांड का फूलमाला से सम्मानित किया।
खंडवा में ही यह अनोखी परंपरा
जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजय शुक्ला ने कहा अधिवक्ता संघ खंडवा की यह परंपरा अद्भुत और अनोखी है। छुट्टियों पर जाने वाले वकीलों और न्यायाधीशों के लिए यह एक प्रकार का फेयरवेल है। स्वस्थ परंपरा है। संभवत: पूरे देश में यह खंडवा अधिवक्ता संघ ही ऐसा अनूठा आयोजन करता है। यह 60-70 वर्ष से जारी है। वरिष्ठ अधिवक्ता सुभाष नागौरी ने कहा 1970 में संघ की सदस्यता 30-35 थी। तब वरिष्ठ अधिवक्ता स्व.कालूराम गंगराड़े व अन्य अधिवक्ताओं ने यह परंपरा शुरू की थी। संघ अध्यक्ष मोहन गंगराड़े ने कहा यह स्वस्थ परंपरा अाज भी उसी उत्साह के साथ कायम है और आगे भी कायम रहेगी। संचालन प्रणेंद्र रांका ने किया। आभार संघ के पूर्व सचिव देवेंद्र सिंह यादव ने माना।