पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • रुपए देने वालों को नियम तोड़कर कनेक्शन देती है बिजली कंपनी, लोगों को नियम से भी नहीं मिलते

रुपए देने वालों को नियम तोड़कर कनेक्शन देती है बिजली कंपनी, लोगों को नियम से भी नहीं मिलते

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जिला अंत्योदय समिति की बैठक में सदस्यों ने की शिकायत, मंत्री ने दिए 7 दिन में जांच के निर्देश

भास्कर संवाददाता | खंडवा

बिजली कंपनी के अफसर रुपए देने पर दूर तक कनेक्शन दे देते हैं, लेकिन आम आदमी रुपए नहीं देता तो उसे टरका दिया जाता है। आम लोगों के साथ ऐसा क्यों किया जाता है। कालमुखी से आए जिला अंत्योदय समिति के सदस्य पंकज गुप्ता ने जब बैठक में यह मुद्दा उठाया तो विधायकों ने भी इसका समर्थन किया। दरअसल सर्किट हाउस में जिले के प्रभारी व ऊर्जा मंत्री पारस जैन जिला अंत्योदय समिति की बैठक में सदस्यों से मैदानी क्षेत्र में आ रही समस्याओं को जान रहे थे। रविवार सुबह 9 बजे से हुई इस बैठक में मंत्री ने अफसरों से मौके पर ही जवाब लिया। मंत्री जैन ने बिजली कंपनी के अफसरों से 7 दिन में जांच कर रिपोर्ट देने को कहा। साथ ही दोषियों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में मंत्री जैन ने ऊर्जा विभाग के साथ ही महिला बाल विकास, स्कूल शिक्षा विभाग, पेयजल की स्थिति, भावांतर खरीदी व भुगतान के कामों की समीक्षा की।

गांवों में न रहे पेयजल संकट- ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की समस्या होने का मुद्दा उठा। मंत्री ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी के कार्यपालन यंत्री को निर्देश दिए कि प्रत्येक गांव में पानी की व्यवस्था की जाए। जरूरी होने पर कुओं व अन्य जल स्रोतों में सिंगल फेस मोटर डालकर पानी की व्यवस्था की जाए। कार्यपालन यंत्री बीएस आचले ने बताया कि 40 स्थानों पर सिंगल फेस मोटर लगाकर ग्रामीणों को पेयजल की व्यवस्था की गई है। मंत्री ने छाल्पी व बलियापुरा में सिंगल फेस मोटर उपलब्ध कराकर ग्रामीणों की पेयजल समस्या दूर करने को कहा।

रुपए आए, भंडार ग्रह की जमीन पर अतिक्रमण- कालमुखी में भंडार ग्रह बनाने के लिए 15 लाख रुपए की स्वीकृति के बाद राशि मिलने के बावजूद निर्माण नहीं होने का मुद्दा उठा। सदस्यों ने बताया कि राजस्व विभाग द्वारा आवंटित जमीन पर अतिक्रमण है। मंत्री ने एसडीएम काे तुरंत अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए, ताकि भंडार ग्रह बनाया जा सके।

चना बेचने आ रहे किसान परेशान

विधायक देवेंद्र वर्मा ने चना खरीदी में किसानों को होने वाली समस्याएं को उठाया। उन्होंने बताया कि किसानों को इंतजार करना पड़ता है। भुगतान में भी देरी होती है। मंत्री ने उपसंचालक कृषि व मंडी के अधिकारियों से कहा कि बताई गई समस्याओं को तुरंत दूर किया जाए।

खबरें और भी हैं...