बीमार, घायल एवं निराश्रित गौ माता की सेवा के निमित्त श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव 22 से 28 मई तक पुरानी अनाज मंडी में होगा। कथा से पहले 21 मई को सोमवार को श्रीमद भागवत की शोभायात्रा शाम 5 बजे श्री सत्यनारायण मंदिर माहेश्वरी भवन से प्रारंभ होकर कथा स्थल पुरानी अनाज मंडी प्रांगण पहुंचेगी। जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं सिर पर कलश धारण किए शामिल होंगी।
प्रतिदिन दोपहर 3 से शाम 7 बजे तक परम गौभक्त मथुरा निवासी पंकज शास्त्री महाराज के मुखारविंद से श्रीमद् भागवत कथा का वाचन होगा। आयोजन को लेकर अध्यात्म गौ सेवा मिशन ट्रस्ट खंडवा के द्वारा अलग-अलग समितियों का गठन किया गया है जो इस भागवत कथा में अपनी सेवाएं प्रदान करेंगी। इस कथा के माध्यम से इतिहास में प्रथम बार 1008 स्वर्ण पुष्पों से श्रीमद भागवत जी का अर्चन किया जाएगा एवं भक्तजन श्रीमद भागवत जी की प्रसादी स्वर्ण पुष्प के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं। शोभायात्रा की संयोजिका अन्नपूर्णा तंवर, प्रमिला शर्मा, हंसमुखी जोशी, योगिता माहेश्वरी ने सभी धर्मप्रेमी जनता व महिला सदस्यों से भागवत कथा को लेकर निकलने वाली शोभायात्रा में शामिल होकर पुण्यार्जन करने का अनुरोध किया है।