मंत्री विजय शाह ने भाजयुमो कार्यकर्ताओं से लंबी चर्चा की।
दो दिन में दूर हो जाएगी देवल्दी की एक दशक पुरानी पेयजल समस्या
भास्कर संवाददाता | हरसूद
मुख्यालय से सटे देवल्दी में पेयजल की समस्या दो दिन में दूर हो जाएगी। इसके बाद एक दशक से परेशानी झेल रहे ग्रामीणों को भरपूर पानी मिलने लगेगा। रविवार को स्कूल शिक्षा मंत्री विजय शाह ने कलेक्टर विशेष गढ़पाले, जिला पंचायत सीईओ वरदमूर्ति मिश्र और पीएचई के ईई को गांव की पेयजल समस्या का दो दिन में निराकरण करने के निर्देश दिए। इसके बाद एसडीओ बीएस बामनिया ने शाम को देवल्दी पहुंचकर समस्या देखी। ठेकेदार को सोमवार सुबह से 600 मीटर की पाइप लाइन बिछाने काे कहा।
इंदिरा सागर जलाशय में जल भराव के बाद से नदी किनारों के गांवों में समय से पूर्व जलस्रोतों के दम तोड़ने की समस्या एक दशक से चली आ रही है। इनमें देवल्दी भी शामिल है। मुख्यालय से सिर्फ एक किमी दूर देवल्दी की पेयजल समस्या का समाधान फिलहाल हरसूद की पेयजल व्यवस्था से जोड़कर किए जाने की संभावना है। समस्या के स्थायी समाधान के लिए देवल्दी को रोशनी पेयजल समूह से जोड़ने का आश्वासन दिया गया है। इस दौरान सरपंच मंशाराम चौहान, नंदू राठौर, उमेश सावर और गणेश चौहान भी मौजूद थे।