भगवान परशुराम की शोभायात्रा निकाली, लोगों ने किया नृत्य
खंडवा | भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर बुधवार शाम माता चौक से शोभायात्रा निकाली। इसमें भगवान की प्रतिमा की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। समाज के लोग ताशों पर झूमते रहे। अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज संगठन द्वारा निकाली यह यात्रा माता चौक से शाम 6.30 बजे प्रारंभ हुई। यहां से इंदिरा चौक, ओवर ब्रिज, स्टेशन रोड, बांबे बाजार हाेते हुए घंटाघर पहुंची। यहां हनुमानजी की आरती और प्रसादी वितरण के बाद यात्रा का समापन हुआ। उत्सव के तहत सुबह 9 बजे हवन पूजन बीजासन माता मंदिर में किया। इसके बाद निर्मल धाम, जिला चिकित्सालय सहित अन्य आश्रमों में फल, मिठाई और चाॅकलेट, बिस्किट का वितरण किया। कार्यक्रम में जिला संयोजक राकेश पाठक, अर्ष पाठक, अनिल मार्केंडय, मनोज शर्मा, संटी चौबे, राजकुमार तिवारी, किशोर यादव सहित अन्य लोग मौजूद थे।