दूल्हा-दुल्हनों की निकाली शोभायात्रा दंपतियों को जेवर के साथ दिए सकोरे
अक्षय तृतीया के अवसर पर शहर में दो स्थान पर सामूहिक विवाह कार्यक्रम हुए। इनमें 66 जोड़ों का सामूहिक विवाह हुआ। जनपद पंचायत परिसर में यादव भारूड़ धनगर समाज और नई कृषि उपज मंडी में मप्र बलाही समाज संघ के कार्यक्रम हुए। यादव समाज के 13 जोड़े और बलाही समाज के 53 जोड़ों का विवाह गायत्री पद्धति से किया। कार्यक्रमों में समाज के लोगों के साथ ही जनप्रतिनिधियों ने शामिल होकर वर-वधु को आशीर्वाद दिया। यादव समाज के कार्यक्रम नव दंपत्तियों को पक्षियों को पानी पिलाने के लिए सकाेरे दिए गए। उन्हें गृहस्थ आश्रम का उद्देश्य सबका कल्याण का संदेश दिया।
यादव समाज ने निकाली दूल्हा-दुल्हन की शोभायात्रा - यादव भारुड़ धनगर समाज ने सुबह दुल्हा-दुल्हन की शोभायात्रा निकाली। जनपद पंचायत परिसर से प्रारंभ हुई यात्रा, सूरजकुंड पहुंची। यहां से वापस कार्यक्रम स्थल पहुंची। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत जोड़ों को पायल, मंगलसूत्र, बिछियां भेंट की गई। समिति ने कलश व श्री राधा कृष्ण की फ़ोटो व तुलसी के पौधे और जलपात्र (सकोरे) का वितरण किया। इस सम्मेलन में समाज के प्रदेश अध्यक्ष सुनील यादव, मीडिया प्रभारी भूपेंद्र यादव, अखिलेश यादव, अंकित यादव सहित अनेक लोग मौजूद थे।
मप्र बलाही समाज संघ के तत्वावधान में आयोजित सामूहिक सम्मेलन में 53 जोड़ों ने विवाह कर ग्रुप फोटो कराया।
यादव भारुड़ धनगर समाज ने दुल्हा-दुल्हन की शोभायात्रा निकाली।
मप्र बलाही समाज संघ : 53 जोड़ों का विवाह कराया, ग्रुप फोटो भी कराया
नई कृषि उपज मंडी में मप्र बलाही समाज संघ ने सामूहिक विवाह कार्यक्रम किया। इसमें 53 जोड़ों का विवाह मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत किया। विवाह गायत्री पद्धति से किया। इसके बाद सभी जोड़ों को स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र अतिथियों ने भेंट किए। सभी का ग्रुप फोटो कराया। इस अवसर पर मंडी अध्यक्ष आनंद मोहे, नारायण फरकले सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे। अतिथि महापौर सुभाष कोठारी, पंधाना विधायक योगिता बोरकर, नवलसिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष हसीना बाई, राजपाल सिंह चौहान, दीना पंवार, तजेंद्र बाथम, नानूराम बाथम मुकेश तनवे थे। कार्यक्रम सुबह 10 से शाम 4 बजे तक चला।